कौशांबी में शुक्रवार रात एक युवक की पिटाई को लेकर बवाल हो गया। आरोप है कि मूरतगंज पुलिस चौकी के चौकी इंचार्ज कालका प्रसाद ने एक युवक को लाठी से पीट दिया। जिससे वह घायल हो गया। जिससे आक्रोशित ग्रामीणों ने मुरतगंज पुलिस चौकी का घेराव किया। मामला संदीपन घाट थाना क्षेत्र के चिटकाना गांव का है।
बताया जा रहा है कि चिटकाना गांव निवासी गामा कुमार चौकी इंचार्ज के घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान किसी मामूली बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि चौकी इंचार्ज कालका प्रसाद ने गामा कुमार की लाठी से पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही आक्रोशित ग्रामीण रात करीब 8:30 बजे मूरतगंज पुलिस चौकी पहुंच गए और घेराव कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों के विरोध के चलते प्रयागराज-कानपुर हाईवे पर करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। कोखराज थाना और संदीपन घाट थाने की फोर्स के साथ क्षेत्राधिकारी चायल अभिषेक सिंह मौके पर पहुंचे। नाराज ग्रामीणों ने आरोपी दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। करीब एक घंटे तक चले हंगामे के बाद सीओ चायल ने मामले की जांच कराकर दोषी पाए जाने पर दरोगा के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए और पुलिस ने हाईवे पर लगे जाम को खुलवाया।