एटा में मोबाइल नंबर मांगने पर विवाद:दो पक्षों में मारपीट, लाठी-डंडे और पत्थर चले; 5 लोग घायल

एटा जिले के सकरौली थाना क्षेत्र के शाहनगर टीमरुआ गांव में मोबाइल नंबर मांगने को लेकर हुए विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। गुरुवार को शुरू हुआ यह विवाद शुक्रवार सुबह दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पथराव में बदल गया। इस घटना में दोनों ओर से आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया। दरअसल, गांव में हर साल की तरह इस बार भी मेला लगा था। आरोप है कि मेले में कुशवाहा समाज के एक नाबालिग लड़के ने ठाकुर समाज की एक नाबालिग लड़की से उसका मोबाइल नंबर मांगा था। इसी बात को लेकर गुरुवार को दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया था, जिसे गांव के कुछ समझदार लोगों ने शांत करवा दिया था। हालांकि, शुक्रवार सुबह यह विवाद फिर भड़क उठा और कुशवाहा तथा ठाकुर समाज के सैकड़ों लोग आमने-सामने आ गए। दोनों ओर से जमकर ईंट-पत्थर चले और लाठी-डंडों का इस्तेमाल हुआ। इस हिंसक झड़प में कई लोग घायल हुए। सकरौली थाना पुलिस के साथ कई अन्य थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों के 11 नामजद लोगों सहित कुछ अज्ञात के खिलाफ मारपीट, बलवा और पथराव की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने ठाकुर पक्ष से दिनेश पुत्र कप्तान, दुष्यंत पुत्र दिनेश, पवन पुत्र राकेश, हरिकृष्ण पुत्र बालिस्टर, आदित्य पुत्र सत्यवीर और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं, दूसरे पक्ष से टीकाराम उर्फ पुजारी पुत्र भूदेव, नरेंद्र पुत्र भुजवीर, भुजवीर पुत्र रामपाल, अनिल पुत्र वीरेंद्र, छत्रपाल पुत्र कप्तान और तुरसन पाल पुत्र जगदीश सहित कुछ अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है। क्षेत्राधिकारी ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। घटना से जुड़े मारपीट, घायलों और फायरिंग की आवाज वाले कुछ वीडियो भी सामने आए हैं। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों के साथ ग्रामीणों की गरमागरमी भी हुई। पुलिस वायरल वीडियो और स्थलीय जांच-पड़ताल के आधार पर मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। सीओ ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया घटना की सूचना के बाद तत्काल पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और स्थिति पर कंट्रोल किया आरोपियों के विरुद्ध कार्यवाही की जा रही है। मार पीट पथराव हुआ है ।दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।