मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र में शुक्रवार को आर्मी स्कूल के नौवीं कक्षा के एक छात्र की स्कूल बस के नीचे आने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार ने इसे हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या का आरोप लगाया है। मृतक छात्र की पहचान हर्षित के रूप में हुई है। वह कक्षा 9 का छात्र था। उसके पिता मुकेश शर्मा भारतीय सेना में तैनात हैं और वर्तमान में श्रीनगर में ड्यूटी कर रहे हैं। परिवार मूल रूप से छटीकरा का रहने वाला है और फिलहाल मथुरा के नटवर नगर में किराए के मकान में रह रहा है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह स्कूल बस छात्रों को छोड़ते हुए थाना हाईवे क्षेत्र के मोती कुंज इलाके में पहुंची थी। इसी दौरान हर्षित बस से उतर रहा था। तभी अचानक वह बस के पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हर्षित के पिता मुकेश शर्मा घटना से एक दिन पहले ही श्रीनगर में अपनी ड्यूटी पर लौटे थे। बेटे की मौत की सूचना मिलने के बाद वह अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए मथुरा लौट रहे हैं। परिजनों का कहना है कि यह सामान्य हादसा नहीं है। उनका आरोप है कि हर्षित को बस से धक्का दिया गया, जिससे वह संतुलन खो बैठा और बस के पहिए के नीचे आ गया। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि मामले को दुर्घटना बताकर दबाने की कोशिश की जा रही है। थाना हाईवे प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया छात्र की मौत स्कूल बस के पहिए के नीचे आने से हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।