कुशीनगर के अहिरौली थाना क्षेत्र में एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह घटना शनिवार देर शाम गोरखपुर से कप्तानगंज होकर नरकटियागंज जाने वाली रेलवे लाइन पर मुजाहना और बरडीहा रेलवे ढाला के पास हुई। तेज रफ्तार से गुजर रही ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही अहिरौली थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की। खबर लिखे जाने तक मृतक युवक की पहचान नहीं हो सकी है। युवक का चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर और कपड़ों आदि के आधार पर उसकी शिनाख्त का प्रयास कर रही है। पुलिस के अनुसार, युवक की पहचान होने के बाद उसके परिजनों को सूचित किया जाएगा। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।