बदायूं में लिफ्ट देकर युवक से लूट:बाइक सवारों ने की मारपीट, नकदी-मोबाइल छीना

बदायूं में लिफ्ट देने के बहाने एक युवक से लूटपाट का मामला सामने आया है। बिसौली कोतवाली क्षेत्र में दो बाइक सवारों ने युवक को सुनसान रास्ते पर ले जाकर उससे मारपीट की और नगदी, मोबाइल फोन तथा मक्का के बीज लूट लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने करीब 24 घंटे बाद मुकदमा दर्ज किया। यह घटना बिसौली कोतवाली क्षेत्र के शेखपुरा मंदिर के पास गंगा एक्सप्रेसवे अंडरपास के निकट हुई। फिरोजपुर गांव निवासी बॉबी पाठक (पुत्र नरेंद्र पाठक) ने पुलिस को बताया कि वह 5 मार्च को अपनी बहन की ससुराल (करीमपुर, बहजोई, संभल) से घर लौट रहे थे। रास्ते में फैजगंज बेहटा क्षेत्र के एक कोल्ड स्टोर पर उन्होंने परिचित सोनू से 5000 रुपये लिए और बिसौली जाने के लिए सवारी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे दो बाइक सवार युवकों को बॉबी ने हाथ देकर रोका और उनसे बिसौली तक छोड़ने को कहा। दोनों युवक उसे बाइक पर बैठाकर बिसौली की ओर चल पड़े। पीड़ित के अनुसार, बिसौली पहुंचने के बाद युवकों ने उसे गांव कोट तक छोड़ने का झांसा दिया और आगे ले गए। सिचौली होते हुए शेखपुरा मंदिर के पास गंगा एक्सप्रेसवे अंडरपास पार करने के बाद उन्होंने कच्चे रास्ते पर बाइक रोक दी। आरोप है कि दोनों युवकों ने बॉबी को नीचे उतारकर मारपीट की और उसके लोवर की जेब में रखे 5250 रुपये, मोबाइल फोन तथा थैले में रखा लगभग नौ किलो मक्का का बीज लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस से संपर्क किया, लेकिन आरोप है कि उसकी शिकायत तुरंत दर्ज नहीं की गई और उसे थाने के चक्कर लगाने पड़े। लगभग 24 घंटे बाद पुलिस ने उसकी तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।