पीलीभीत जिले के अमरिया क्षेत्र में शनिवार सुबह एक किसान को खेत में चारा काटते समय सांप ने डस लिया। किसान के भाई ने इलाज में मदद के लिए सांप को एक डिब्बे में बंद कर जिला अस्पताल पहुंचाया, जिससे वहां मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए हलचल मच गई। मुडलियां गैसू गांव निवासी 37 वर्षीय हरविंद्र सिंह शनिवार सुबह अपने मवेशियों के लिए खेत से चारा लेने गए थे। जब उन्होंने घास का गट्ठर तैयार किया और उसे सिर पर रखने के लिए झुके, तभी घास में छिपे सांप ने उनके पैर पर काट लिया। सर्पदंश के बाद हरविंद्र किसी तरह बदहवास हालत में घर पहुंचे।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने हरविंद्र को तुरंत निजी वाहन से जिला अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचाया। इस दौरान, हरविंद्र के भाई मलकीत सिंह ने सांप को पकड़कर एक प्लास्टिक के पारदर्शी डिब्बे में बंद कर लिया। उनका उद्देश्य डॉक्टरों को सांप की पहचान में मदद करना था, ताकि सही एंटी-वेनम दिया जा सके। मलकीत सिंह के डिब्बे में बंद सांप के साथ इमरजेंसी वार्ड में पहुंचते ही वहां मौजूद अन्य मरीज और तीमारदार कुछ देर के लिए सहम गए। हालांकि, डॉक्टरों ने तुरंत स्थिति को संभाला, सांप की पहचान की और किसान का उपचार शुरू किया। समय रहते अस्पताल पहुंचने के कारण हरविंद्र सिंह को प्राथमिक उपचार मिल गया। जिला अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, उन्हें भर्ती कर लिया गया है और उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। डॉक्टर वामिक ने बताया कि अक्सर लोग झाड़-फूंक के चक्कर में कीमती समय बर्बाद कर देते हैं, लेकिन इस मामले में परिजन तुरंत अस्पताल आए, जो सराहनीय है। हालांकि, जिंदा सांप साथ लाना जोखिम भरा हो सकता है।