नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर शंकराचार्य पर FIR कराने वाले आशुतोष महाराज पर चलती ट्रेन में हमले को लेकर है। वहीं, दूसरी खबर महिला मंत्री के गाना गाने और सीएम योगी के उस पर बयान से जुड़ी है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, यूपी दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1- शंकराचार्य पर FIR कराने वाले आशुतोष महाराज पर हमला, बोले- खून का बदला लेंगे शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर FIR कराने वाले आशुतोष महाराज पर रविवार को चलती ट्रेन में हमला हुआ। बताया- वह किसी तरह जान बचाकर भागे और टॉयलेट में छिपकर जान बचाई। कहा- जितना खून बहा, उसका बदला लेंगे। शंकराचार्य और उनके शिष्य पर आरोप। शंकराचार्य ने कहा- सनातनियों के शंकराचार्य जी इतने कमजोर नहीं कि ऐसी हरकत करनी पड़े। पूरी खबर पढ़ें 2- मंत्री से योगी बोले-स्वर साम्राज्ञी का खिताब मिलना चाहिए, लता जी तो संन्यास ले लेतीं लखनऊ में ‘पिंक रोजगार महाकुंभ’ के दौरान मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने CM योगी के लिए कुछ लाइनें गाकर सुनाई। महिला मंत्री का गाना सुन योगी बोले- जब गाना गा रही थीं तो मैं सोच रहा था कि अच्छा हुआ कि अब गा रही हैं, वरना लता जी संन्यास ले लेतीं। इसके बाद योगी खिलखिलाकर हंसते हुए बोले- स्वर सम्राज्ञी का खिताब तो आपको ही मिलना चाहिए था। अच्छा प्रयास था। पूरी खबर पढ़ें 3- राष्ट्रपति के अपमान पर ममता पर भड़कीं मायावती, कहा- वो महिला के साथ आदिवासी भी मायावती ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अपमान पर ममता बनर्जी पर निशाना साधा। कहा- वो महिला के साथ आदिवासी भी, राजनीति करना ठीक नहीं। प्रोटोकॉल के मुताबिक सभी को राष्ट्रपति का सम्मान करना चाहिए। इस पद का किसी भी रूप में राजनीतिकरण करना ठीक नहीं। पश्चिम बंगाल में उनके दौरे के लेकर जो कुछ भी हुआ, वह नहीं होना चाहिए था। यह अति-दुर्भाग्यपूर्ण है। पूरी खबर पढ़ें 4- महाराजगंज में 2 बच्चों की हत्या कर पिता लटका, लिखा- पत्नी-उसका आशिक जिम्मेदार महराजगंज में SSB महिलाकर्मी के पति ने बेटा-बेटी की हत्या कर आत्महत्या कर ली। दोनों बच्चों को खिड़की से रस्सी के सहारे लटकाया, फिर छत के कुंडे से फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। मौत से पहले पति ने दीवार पर सुसाइड नोट लिखा- ‘हमारी मौत का कारण पत्नी और उसका आशिक है। साथ रहते हुए भी आशिक से बात करती है। बच्चों को अपने से दूर नहीं कर सकता। पूरी खबर पढ़ें 5- अखिलेश बोले- केशव को घिसा-पिटा हेलिकॉप्टर दिया, PDA हैं इसलिए नया वाला नहीं सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने केशव मौर्य के हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग का मुद्दा उठाया। कहा- सबसे घिसा पिटा और खराब हेलिकॉप्टर डिप्टी सीएम को दिया गया। सुनने में आया कि उसमें आग लग गई थी। प्रोटोकॉल में तो उनको नया हेलीकॉप्टर मिलना चाहिए। नया वाला इसलिए नहीं दिया क्योंकि वह PDA हैं। तंज कसते हुए कहा- सरकार सनातनी लोगों से भी घबरा रही है। पूरी खबर पढ़ें अब अहम 8 खबरें… 6- प्रयागराज में LKG-छात्र किडनैपिंग में पुलिस खाली हाथ, मां बोली- मेरा बच्चा भूखा होगा प्रयागराज में किडनैप हुए एलकेजी के छात्र प्रतीक शर्मा (6) का 24 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका है। शनिवार को स्कूल वैन से उतरते समय कार सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े उसका अपहरण कर लिया था। उधर, मासूम के घरवालों का सब्र अब टूटने लगा है। मां अपने बेटे की फोटो देख कर हर आने-जाने वालों से कहती हैं- “कोई मेरा बेटा वापस ले आओ… वो भूखा होगा।” पूरी खबर पढ़ें 7- सपा सासंद बोले- मंत्री के काफिले में हिस्ट्रीशीटर चलते, भाजपा नेता ने कहा था- बाप का जिला नहीं मऊ में सपा सांसद राजीव राय ने कहा- मंत्री एके शर्मा के काफिले में हिस्ट्रीशीटर चलते हैं। अगर मेरी हत्या करा दें तो उपचुनाव हो जाए। इससे पहले 2 मार्च को पीपा पुल के शिलान्यास के दौरान भाजपा नेता भरतलाल राही ने राजीव राय के पिता को लेकर कहा था- राजीव राय जी आपके बाप का जिला नहीं है। इस दौरान मंच पर मौजूद मंत्री एके शर्मा हंसते हुए नजर आए थे। पूरी खबर पढ़ें 8- वाराणसी में हियुवा का अब्दुल्लाह के सिर पर 21 लाख का इनाम, योगी की मां को अपशब्द बोला था वाराणसी में रविवार को हिन्दू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने सीएम योगी की मां पर आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में प्रदर्शन किया। हियुवा ने ऐलान किया कि अब्दुल्लाह सलीम का सिर लाने पर 21 लाख देंगे। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी मौलाना अब्दुल्लाह सलीम का पुतला फूंका और पुतला को चप्पल-जूतों से पीटा। प्रशासन से एफआईआर दर्ज कर अरेस्ट की भी मांग की। पूरी खबर पढ़ें 9- शिवपाल का मंत्री राजभर पर तंज, कहा- छोटे स्तर के लोगों पर बयान देना उचित नहीं आजमगढ़ में सपा नेता शिवपाल यादव ने कहा- 2027 के विधानसभा चुनाव में आजमगढ़ की सभी सीटों पर समाजवादी पार्टी जीत दर्ज करेगी। मंत्री राजभर पर हमला बोलते हुए कहा- छोटे स्तर के लोगों के बयान का जवाब देना उचित नहीं है। राजभर सपा की वजह से ही विधायक बने। तंज कसते हुए कहा कि राजभर अगर इतने ताकतवर हैं तो प्रधानमंत्री क्यों नहीं बन जाते। पूरी खबर पढ़ें 10- लखनऊ में हैप्पी होली बोला तो युवक को काट डाला, रॉड से पीटा-चाकू से गोदा लखनऊ में हैप्पी होली बोलने पर एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि जीएसटी विभाग के क्लर्क मोहित और उसकी मां-बहन ने युवक की रॉड, लाठी-डंडों से पिटाई की और फिर चाकू से गोदकर मार डाला। हत्या के 3 दिन बाद इसका वीडियो सामने आया है। हालांकि, हत्याकांड के बाद ही पुलिस ने क्लर्क और उसकी मां-बहन को अरेस्ट कर लिया था। पूरी खबर पढ़ें 11- इटावा में जीजा ने साली की हत्या की, थाने पहुंचकर बोला- लाश घर पर पड़ी है इटावा में 35 साल के जीजा ने 18 साल की साली की हत्या कर दी। 4 दिन पहले होली के दिन वह साली को घर से भगाकर दिल्ली ले गया था। एक मंदिर में शादी की। शनिवार रात में उसका अपनी साली से किसी बात को लेकर विवाद हुआ। गुस्से में ईंट से मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद खून से सना ईंट लेकर थाने पहुंचा और बोला- हत्या कर दी। लाश घर पर है। उठा लो। पूरी खबर पढ़ें 12- बुलंदशहर में युवती से मिलने आए प्रेमी की मौत, शक्तिवर्धक दवा ओवरडोज की आशंका बुलंदशहर में प्रेमिका से मिलने आए प्रेमी की मौत हो गई। प्रेमी बागपत से उससे मिलने पहुंचा था। सूत्रों के अनुसार, युवक और युवती पहले किसी होटल में गए। बताया जा रहा कि होटल में युवक ने शक्तिवर्धक दवा का ओवरडोज ले लिया। इसके बाद दोनों मलका पार्क में गए। पार्क में युवक की अचानक हार्ट फेल्योर से मौत हो गई। प्रेमिका उसे अस्पताल में छोड़कर भाग गई। पूरी खबर पढ़ें 13- बलिया में SDM ने मांगी 8 दिन की छुट्टी, अंगूठा लगाकर एप्लीकेशन भेजा बलिया में SDM आलोक प्रताप सिंह को पालतू कुत्ते ने काट लिया। DM को एप्लीकेशन देकर 8 दिन की छुट्टी मांगी। एप्लीकेशन पर सिग्नेचर करने की जगह अंगूठा लगाया था। लीव एप्लीकेशन में लिखा- कुत्ते ने दोनों हाथ में काट लिया है, जिससे हाथ में गहरा जख्म हो गया। स्थानीय डॉक्टर से इलाज कराया लेकिन घाव से खून बहना बंद नहीं हो रहा है। दिल्ली इलाज कराने गए। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है… 14- एग्जाम दिलाने भांगड़ा करते पहुंचा परिवार, माला पहनाकर केंद्र के अंदर भेजा एग्जाम को लेकर बच्चों के मानसिक तनाव को दूर करने के लिए कानपुर के एक परिवार ने अनोखा कदम उठाया। अशोक नगर के निर्माण सिंह की बेटी श्रोत कौर बोर्ड परीक्षा देने जा रही थी। बेटी पर परीक्षा का मानसिक दबाव न पड़े इसलिए पिता और परिवार के अन्य लोग बेटी को परीक्षा केंद्र तक छोड़ने भांगड़ा करते हुए पहुंचे। ढोल की थाप पर नाचते हुए बेटी को माला पहनाया। पूरी खबर पढ़ें कल क्या रहेगा खास… 15- पूर्वी यूपी में बारिश की आशंका 9 मार्च 2026 को यूपी का मौसम फिर बदल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय हो रहे नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के कारण पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना है। हालांकि, पश्चिमी और मध्य यूपी में तापमान बढ़ने से लू जैसे हालात भी बन सकते हैं। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…