पीलीभीत के बीसलपुर-पीलीभीत हाईवे स्थित टोल प्लाजा पर रविवार को एक कर्मचारी ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। जहां से प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर स्थिति में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल युवक का इलाज जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक बरखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम वस्तना निवासी प्रेमपाल बीसलपुर-पीलीभीत मार्ग स्थित टोल प्लाजा पर कर्मचारी के रूप में तैनात है। रविवार को वह रोज की तरह ड्यूटी पर था। इसी दौरान अज्ञात कारणों से उसने किसी विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। जहर का असर होते ही उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और वह अचेत होने लगा। बताया जा रहा है कि प्रेमपाल के इस कदम की भनक मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों को भी नहीं लग सकी। जब उसकी हालत ज्यादा बिगड़ने लगी तो उसने खुद अपने ममेरे भाई को फोन कर जहरीला पदार्थ पीने की जानकारी दी। यह सुनकर भाई ने तुरंत इसकी सूचना परिवार वालों को दी। सूचना मिलने पर परिजन टोल प्लाजा पहुंचे और कर्मचारियों से प्रेमपाल के बारे में पूछा। इसके बाद जब परिजन और सहकर्मी उसके कमरे में पहुंचे तो वह जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ा मिला। परिजन उसे तुरंत बरखेड़ा सीएचसी ले गए, लेकिन हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी सक्रिय हो गई। बरखेड़ा थाना प्रभारी संजीव कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। युवक ने किन परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाया, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस परिजनों और सहकर्मियों से पूछताछ कर पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।