कौशांबी के सराय अकिल नगर पंचायत में रविवार को ऐतिहासिक रंगभरी होली की बारात के दौरान दो गुटों के बीच विवाद के बाद पथराव हो गया। घटना से इलाके में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हालात को काबू में किया और अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी। बताया जा रहा है कि बुद्धपुरी ब्राह्मण टोला से हर साल की तरह इस बार भी रंगभरी होली की विशाल बारात निकाली गई थी। बारात नगर भ्रमण करते हुए जब भावनटोलीया और मौलवीगंज मोहल्ले के बीच पहुंची, तभी किसी बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई। देखिए 3 तस्वीरे…. वहीं देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। घटना का वीडियो सामने आया है। जिसमें लोग इधर-उधर भागते दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इतने बड़े और भीड़भाड़ वाले पारंपरिक आयोजन के बावजूद मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात नहीं था। लोगों के अनुसार, पहले इस आयोजन के दौरान संभावित विवादों को देखते हुए पीएसी और भारी पुलिस बल की तैनाती की जाती थी, लेकिन इस बार बारात की सुरक्षा में केवल एक दरोगा और कुछ सिपाही ही मौजूद थे। पथराव की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ और हालात को संभालने के लिए दो अन्य थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। इसके बाद इलाके में गश्त बढ़ाकर स्थिति को नियंत्रित किया गया। सराय अकिल थाना प्रभारी निरीक्षक वीर प्रताप सिंह ने बताया कि दो गुटों में मारपीट की सूचना के बाद पथराव हुआ है। एक पक्ष की ओर से तहरीर दी गई है। उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। पूरे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।