बाइक और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में युवक की मौत:आगरा में भोजपुर के पास साइकिल ट्रैक पर हुआ हादसा, साथी घायल

आगरा के फतेहाबाद थाना क्षेत्र में रविवार रात करीब 8 बजे भोजपुर के पास साइकिल ट्रैक पर बाइक और आलू से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान तांसपुरा फतेहाबाद निवासी 20 वर्षीय गोविंद पुत्र अरविंद के रूप में हुई है। वह अपने साथी यज्ञदत्त पुत्र संजय उपाध्याय के साथ बाइक से एक मित्र से मिलने जा रहा था। फतेहाबाद-निबोहरा मार्ग पर भोजपुर के पास साइकिल ट्रैक पर पहुंचते ही सामने से आ रही आलू से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गोविंद की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि यज्ञदत्त गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर तरुण धीमान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल यज्ञदत्त को तत्काल उपचार के लिए आगरा भिजवाया। पुलिस ने मृतक गोविंद के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गोविंद कक्षा 11 का छात्र था और अपने दो भाइयों में छोटा था। उसका बड़ा भाई गोपाल है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में शोक छा गया।