पीलीभीत में बस से गिरकर युवक की मौत:इलाज के दौरान दम तोड़ा, ड्राइवर पर केस दर्ज

पीलीभीत के गजरौला थाना क्षेत्र में एक युवक की चलती बस से गिरकर मौत हो गई। युवक गंभीर रूप से घायल हुआ था, जिसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत पर बस चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना 19 फरवरी की रात को हुई थी। लखीमपुर खीरी जिले के पटुआ थाना क्षेत्र के ग्राम बिनौरा निवासी प्रमिला देवी ने गजरौला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके पति दीपक कहार अपने साथी कैलाश के साथ हापुड़ से निघासन जाने वाली एक निजी बस में सवार होकर घर लौट रहे थे। रात करीब एक बजे बस गजरौला क्षेत्र के सकरिया तिराहे के पास पहुंची। यहां चालक ने यात्रियों के लिए बस रोकी थी। दीपक कहार भी अन्य यात्रियों के साथ बस से नीचे उतरे थे। प्रमिला देवी के अनुसार, जब दीपक वापस बस में चढ़ रहा था, तभी ड्राइवर ने बिना पीछे देखे और बिना किसी संकेत के अचानक बस चला दी। बस की गति के कारण दीपक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर गए। जिससे उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। बस के अंदर मौजूद दीपक के साथी कैलाश ने शोर मचाकर चालक को बस रोकने के लिए कहा। घायल दीपक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। गंभीर हालत के कारण उन्हें लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई दिनों तक चले उपचार के बाद उनकी मृत्यु हो गई। पति की मृत्यु के बाद प्रमिला देवी ने गजरौला थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने फरार बस चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है। थानाध्यक्ष गजरौला ब्रजवीर सिंह ने बताया कि “मृतक की पत्नी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। जल्द ही आवश्यक कानूनी कदम उठाए जाएंगे।”