इटावा में साइबर ठगी, 2.07 लाख रुपये निकले:साइबर सेल ने पीड़ित को वापस कराई रकम, खुशी से खिला चेहरा

इटावा में साइबर ठगी के मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक पीड़ित को बड़ी राहत मिली है। साइबर अपराधियों द्वारा यूपीआई के माध्यम से खाते से निकाली गई दो लाख सात हजार रुपये की पूरी रकम इटावा पुलिस की साइबर सेल ने वापस करा दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के बाद पीड़ित ने खुशी जताते हुए इटावा पुलिस और साइबर सेल टीम की सराहना की। जिले में बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा लगातार सख्त निर्देश दिए जा रहे हैं। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम के मार्गदर्शन में साइबर सेल की टीम ने एक साइबर फ्रॉड के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित की पूरी धनराशि वापस कराने में सफलता हासिल की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार शिकायत मिलते ही साइबर सेल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी। पीड़ित के खाते से बिना जानकारी के कटे पैसे मामला इटावा शहर के लालपुरा जैन धर्मशाला क्षेत्र का है। यहां के निवासी शिवम कुमार पुत्र हरिशंकर के बैंक खाते से 27 फरवरी 2026 को बिना उनकी जानकारी के ऑनलाइन माध्यम से पैसे कट गए। खाते से 81 हजार 337 रुपये निकलने की जानकारी मिलने पर शिवम कुमार ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर इसकी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत दर्ज होने के बाद मामले की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दी गई, जिन्होंने साइबर सेल को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। बैंक और पेमेंट गेटवे से संपर्क कर वापस कराई पूरी रकम साइबर सेल की टीम ने जांच के दौरान विभिन्न तकनीकी माध्यमों से साक्ष्य जुटाए और संबंधित बैंक अधिकारियों तथा पेमेंट गेटवे के नोडल अधिकारियों से संपर्क स्थापित किया। लगातार समन्वय और प्रयास के बाद साइबर सेल टीम ने पीड़ित के खाते से निकाली गई कुल दो लाख सात हजार रुपये की धनराशि शत प्रतिशत वापस करा दी।