शंकराचार्य की यात्रा रुकेगी या चलेगी, फैसला रिजर्व:आशुतोष महाराज ने कोर्ट में कहा- सीतापुर पहुंचने से रोका जाए, पीड़ित बटुक दहशत में

शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की ‘गौ प्रतिष्ठा धर्मयुद्ध यात्रा’ पर रोक लगाए जाने की मांग पर प्रयागराज स्पेशल पॉक्सो कोर्ट में सोमवार को सुनवाई हुई। अदालत ने दलीलें सुनने के बाद अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है। यात्रा पर रोक लगाने की याचिका आशुतोष महाराज ने लगाई है। उन्होंने बताया, कोर्ट ने हमारी सारी मांग को सुन ली है। जिसके बाद फैसला रिजर्व रख लिया है। सुनवाई से पहले आशुतोष ने कहा था- शंकराचार्य को सीतापुर पहुंचने से रोका जाए, क्योंकि उनके खिलाफ बयान दर्ज कराने वाले बटुक पड़ोसी हरदोई जिले के हैं। यात्रा से बटुक दहशत में हैं। इसी कोर्ट में आशुतोष महाराज ने अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ बटुकों से यौन उत्पीड़न का वाद दाखिल किया था। दरअसल, शंकराचार्य ने 7 मार्च को काशी से अपनी यात्रा शुरू की थी। यात्रा रायबरेली, उन्नाव होते हुए आज शाम को सीतापुर पहुंचेगी। गाय को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग को लेकर यह यात्रा 11 मार्च को लखनऊ में समाप्त होगी। चलती ट्रेन में हमले के मामले में FIR
आशुतोष महाराज पर रविवार को चलती ट्रेन में हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने वारदात के वक्त ट्रेन में मौजूद 4 यात्रियों से पूछताछ भी की है। हालांकि, पूछताछ में क्या जानकारी सामने आई है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। आशुतोष महाराज रीवा एक्सप्रेस से गाजियाबाद से प्रयागराज जा रहे थे। उनका रिजर्वेशन एसी फर्स्ट में था। सिराथू रेलवे स्टेशन के पास टॉयलेट के पास उन पर अज्ञात शख्स ने हमला किया था। धारदार हथियार से नाक काटने की कोशिश की थी। आशुतोष महाराज वही हैं, जिन्होंने शंकराचार्य के खिलाफ बटुकों से यौन उत्पीड़न की FIR दर्ज करवाई थी। देखिए 3 तस्वीरें… जानिए हमले के बाद आशुतोष महाराज ने क्या बताया था… आशुतोष महाराज ने बताया था- मैं रीवा एक्सप्रेस ट्रेन से गाजियाबाद से प्रयागराज जा रहा था। फर्स्ट AC कोच में बैठा था। रास्ते में सिराथू रेलवे स्टेशन के पास सुबह करीब 5 बजे टॉयलेट के लिए उठा। गेट के पास एक आदमी खड़ा था। जैसे ही मैं आगे बढ़ा, उसने पीछे से मुझ पर हमला कर दिया। उसने धारदार हथियार से मेरी नाक काटने की कोशिश की और चेहरे व हाथ पर कई वार किए। इससे मुझे गंभीर चोटें आईं और काफी खून बहा। वह किसी तरह अपनी जान बचाकर भागे और ट्रेन के टॉयलेट में खुद को बंद कर लिया। वहीं से उन्होंने जीआरपी को फोन कर घटना की जानकारी दी। आशुतोष महाराज ने कहा था- अविमुक्तेश्वरानंद ने हमला करवाया जीआरपी से शिकायत के बाद आशुतोष महाराज सर्किट हाउस पहुंचे थे। यहां उन्होंने दैनिक भास्कर से बात की थी। कहा था- वेस्ट यूपी संयोजक सुधांशु सोम के साथ फर्स्ट AC के H1 कोच में बैठा था। सुबह बाथरूम जाते वक्त पीछे मुझ पर हमला किया। जान बचाने के लिए उससे हाथापाई की। हमलावर अकेला था। बॉडी बिल्डर जैसा था। उसने कोई नकाब नहीं पहन रखा था। उसे देखते ही पहचान लूंगा। शायद वो गाजियाबाद से ही पीछा कर रहा था। उन्होंने आशंका जताई थी कि ट्रेन के बाहर और भी हमलावर हो सकते हैं, यही सोचकर पहले जीआरपी को सूचना दी, फिर बाथरूम से बाहर आया। उन्होंने शंकराचार्य पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा था- अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ कोर्ट में सबूत न पेश कर पाऊं, इसलिए हमला करवाया। उसे पता है कि सबूत देखने के बाद कोर्ट से जमानत नहीं मिलेगी। जगद्गुरु रामभद्राचार्य के शिष्य हैं आशुतोष महाराज आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज का जन्म शामली के कांधला कस्बे के एक ब्राह्मण परिवार में हुआ था। इनके पिता राजेंद्र पांडे दिल्ली रोड पर चलने वाली प्राइवेट बसों में कंडक्टर थे।आशुतोष महाराज कांधला के प्राचीन शाकुंभरी सिद्धपीठ मंदिर की कमेटी से जुड़े। वर्तमान में वह इसके प्रबंधक भी हैं। इन्हीं के परिवार के चाचा प्रदीप पांडे मंदिर में पुजारी हैं। 2022 में उन्होंने जगतगुरु रामभद्राचार्य से दीक्षा ली थी। इसके बाद से वह संन्यासी जीवन जी रहे हैं। अब जानिए शंकराचार्य के साथ आशुतोष महाराज का विवाद अब पढ़िए शंकराचार्य ने आशुतोष महाराज पर हमले के बाद क्या कहा था? आशुतोष पर हमले के बाद शंकराचार्य ने रविवार को कहा था- ट्रेन का अटेंडेंट कह रहा है कि बाथरूम में गए तब तक तो ठीक थे, बाहर निकलने के बाद इनका यह हाल हो गया। बाहर आने के बाद किसने मार दिया बताइए। यह बनावट है, माहौल बनाने के लिए, सुरक्षा पाने के लिए। दूसरी बात- क्या भारत सरकार की रेल सुरक्षित नहीं रह गई है। आशुतोष हों या कोई और, अगर कोई टिकट लेकर यात्रा कर रहा है तो सुरक्षा में लगी जीआरपी कहां है, कैसे हमला हो जाएगा। इसका जवाब केंद्र को देना होगा। आशुतोष महाराज ने आरोप लगाया है कि वो सबूत देने जा रहे थे, इसलिए हमला हुआ। इस पर कहा था कि निष्पक्ष जांच हो, दूध का दूध और पानी का पानी किया जाए। जो शुरू से ही जांच के साथ है, वो हमला क्यों करवाएगा। हम तो यात्रा लेकर निकले हैं, हमें क्या पता वो कब कहां जा रहे हैं। ऐसे में हमारे ऊपर आरोप लगाने का मतलब सिर्फ मीडिया का अटेंशन पाना है। यात्रा से ध्यान भटकाने की कोशिश है। ————— ये भी पढ़ें… आशुतोष महाराज बोले-21 लाख के लिए मुझ पर हमला किया:अविमुक्तेश्वरानंद अखिलेश यादव के गुरु, मेरे पास शंकराचार्य के खिलाफ तगड़े सबूत ’21 लाख रुपए की लालच में मुझ पर हमला किया और कराया गया। मुझे कोर्ट तक पहुंचने और सबूत देने से रोकने के लिए यह साजिश रची गई।’ यह दावा जगद्गुरु रामभद्राचार्य के शिष्य आशुतोष महाराज ने किया। आशुतोष रविवार को रीवा एक्सप्रेस ट्रेन से प्रयागराज जा रहे थे। सुबह करीब 5 बजे कौशांबी में सिराथू रेलवे स्टेशन के पास चलती ट्रेन में उन पर जानलेवा हमला हुआ। पूरा इंटरव्यू पढ़िए…