सीतापुर के महोली कोतवाली क्षेत्र के दौली गांव में सोमवार को दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। गाली-गलौज के बाद दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने लगे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित पक्ष के सियानंद पुत्र शिवदयाल ने आरोप लगाया कि सोमवार शाम करीब 6 बजे वह अपने घर पर मौजूद थे। उसी दौरान गांव के अनिल, राजकुमार, अशोक कुमार, सोहन, राममोहन, दिनेश और विश्वनाथ सहित कई लोग उनके दरवाजे पर आ गए और दबंगई दिखाते हुए गाली-गलौज करने लगे। सियानंद के मुताबिक राममोहन के हाथ में हंसिया भी था, जिससे वह उन्हें डराने का प्रयास कर रहा था।
सियानंद ने जब घर से बाहर निकलकर गाली-गलौज का विरोध किया तो आरोपितों ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें लात-घूंसों और डंडों से पीटना शुरू कर दिया। सियानंद की चीख-पुकार सुनकर उनका बेटा आलोक, अमित और बहू रीना मौके पर पहुंच गए और बीच-बचाव करने का प्रयास किया। इस दौरान हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी। पीड़ित पक्ष का कहना है कि मारपीट के बाद आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोग डरे-सहमे हुए हैं। बताया जा रहा है कि किसी ग्रामीण ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया है। पाताबोझ चौकी प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।