नशीली दवाओं की शिकायत पर हापुड़ में कार्रवाई:चार मेडिकल स्टोर सील, रिकॉर्ड में मिली गड़बड़ी

हापुड़ में नशीली दवाओं की अवैध बिक्री की शिकायत पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार शाम गढ़ और सिंभावली क्षेत्र के चार मेडिकल स्टोरों को सील कर दिया गया। हालांकि, छापे के दौरान नशीली दवाएं नहीं मिलीं, लेकिन रिकॉर्ड के रखरखाव में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। समाचार लिखे जाने तक प्रशासन की कार्यवाही जारी थी। डीएम ने किया था कमेटी का गठन यह कार्रवाई सोमवार को जिला मुख्यालय पर जिलाधिकारी (डीएम) के समक्ष एक व्यक्ति द्वारा की गई शिकायत के बाद हुई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि गढ़ और सिंभावली के मेडिकल स्टोर नियमों का उल्लंघन कर अवैध रूप से नशीली दवाएं बेच रहे हैं। उसने अपनी और अपने बेटों की नशे की लत का हवाला देते हुए बताया कि युवा पीढ़ी इन दवाओं के कारण नशे में डूब रही है। डीएम ने इस शिकायत को गंभीरता से लिया। शिकायत का संज्ञान लेते हुए, डीएम ने तत्काल एसडीएम, तहसीलदारों और अन्य अधिकारियों के नेतृत्व में एक टीम गठित कर छापेमारी के निर्देश दिए। इस टीम में एएसडीएम शुभम श्रीवास्तव, तहसीलदार स्वाति गुप्ता, नायब तहसीलदार गढ़ वेदप्रकाश सोनी, डीआई हेमेंद्र चौधरी, एसीएमओ डॉ. वेदप्रकाश और सीओ ट्रैफिक राहुल यादव शामिल थे। यहां-यहां हुई कार्यवाही टीम ने गढ़ में एचके मेडिकल स्टोर, सिंभावली में कंसल सर्जिकल मेडिकल स्टोर और सिखैड़ा में चौधरी मेडिकल स्टोर सहित कुल चार मेडिकल स्टोरों पर छापा मारा। जांच के दौरान, टीम को सीधे तौर पर नशीली दवाएं नहीं मिलीं। हालांकि, मेडिकल स्टोरों के रिकॉर्ड के रख-रखाव में कई अनियमितताएं सामने आईं, जिसके बाद इन चार स्टोरों को सील कर दिया गया। समाचार लिखे जाने तक प्रशासन की यह कार्रवाई जारी थी।