फिरोजाबाद के रामगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। संतोष नगर स्थित अपने किराए के मकान में राजू (45) ने यह कदम उठाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मृतक की पहचान इंद्रपाल के पुत्र राजू के रूप में हुई है, जो संतोष नगर के पुरुषोत्तम विहार में रहता था। राजू अपनी पत्नी और तीन बेटों के साथ किराए के मकान में रह रहा था। परिजनों के अनुसार, राजू रामलीला कार्यक्रमों में लकड़ी का काम करता था। उसे शराब पीने की लत थी, जिसके कारण वह अक्सर अपनी पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट करता था। सोमवार शाम करीब 7 बजे राजू ने घर के अंदर फांसी लगा ली। घटना की जानकारी होने पर परिजनों में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए। थाना रामगढ़ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से उतारा और आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, और मामले की जांच जारी है।