सहारनपुर के बैंकेट हॉल में भीषण आग:कर्मचारियों में मची भगदड़, दमकल की चार गाड़ियों ने पाया काबू

सहारनपुर के दिल्ली रोड स्थित महाराजा पैलेस बैंकेट हॉल में मंगलवार देर शाम भीषण आग लग गई। आग लगते ही हॉल के अंदर काम कर रहे कर्मचारियों में अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। आग की लपटें और धुआं देखकर आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और दमकल की चार गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार, थाना सदर बाजार क्षेत्र में दिल्ली रोड पर स्थित महाराजा पैलेस बैंकेट हॉल में मंगलवार शाम अचानक अंदर से धुआं उठने लगा। कुछ ही देर में धुआं आग में बदल गया और आग ने तेजी से हॉल में लगे पर्दों और पायदानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें बढ़ते ही वहां मौजूद कर्मचारियों में भगदड़ मच गई और वे बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान बड़ी संख्या में आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। बैंकेट हॉल के अंदर से मिले घरेलू गैस सिलेंडर
बताया जा रहा है कि आग लगने के बाद बैंकेट हॉल के अंदर से घरेलू गैस सिलेंडर भी निकाले गए। जानकारी के अनुसार हॉल में व्यावसायिक सिलेंडर की जगह घरेलू गैस सिलेंडरों का इस्तेमाल किया जा रहा था। हालांकि गनीमत यह रही कि घटना के समय बैंकेट हॉल में कोई शादी या अन्य कार्यक्रम नहीं चल रहा था। यदि उस समय कोई समारोह होता तो बड़ी जनहानि होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था। पास में कार शोरूम और पीछे घनी आबादी
महाराजा पैलेस बैंकेट हॉल के ठीक बराबर में एक कार शोरूम है, जबकि पीछे की ओर घनी आबादी बसी हुई है। ऐसे में यदि आग की लपटें शोरूम या आबादी तक पहुंच जातीं तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। हालांकि समय रहते दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।