चंदौली के धीना थानाक्षेत्र के सिकठा गांव में मंगलवार शाम पेट्रोलियम पाइपलाइन सुरक्षा पर एक मॉक ड्रिल और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य ग्रामीणों को पेट्रोलियम पाइपलाइन से जुड़ी संभावित दुर्घटनाओं के प्रति जागरूक करना और आपात स्थिति में राहत व बचाव कार्यों की जानकारी देना था। मॉक ड्रिल के दौरान इंडियन ऑयल के अधिकारियों ने ग्रामीणों को बताया कि पाइपलाइन से तेल रिसाव, आग लगने या किसी अन्य आपात स्थिति में घबराने के बजाय सतर्कता बरतना आवश्यक है। अधिकारियों ने जोर दिया कि यदि कहीं तेल की गंध आए, जमीन से तेल निकलता दिखाई दे या पाइपलाइन के आसपास कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे, तो तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित करना चाहिए। ग्रामीणों से अपील की गई कि पाइपलाइन से जुड़ी किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर तत्काल 112 नंबर डायल करके पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दें। ऐसा करने से समय रहते कार्रवाई करके किसी भी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सकेगा। इस दौरान दमकल विभाग की टीम ने आग लगने की स्थिति में बचाव और नियंत्रण के उपायों का प्रदर्शन किया। टीम ने आग बुझाने वाले उपकरणों के उपयोग की जानकारी भी दी और बताया कि ऐसी स्थिति में सुरक्षित दूरी बनाए रखना तथा प्रशासन को तुरंत सूचना देना सबसे महत्वपूर्ण कदम है। जागरूकता कार्यक्रम में इंडियन ऑयल, बीपीसीएल, एचपीसीएल और प्रशासन से जुड़े कई अधिकारी उपस्थित रहे। इनमें सुमन कुमार, राकेश कुमार, मोहम्मद गुफार हुमायूं, कुनाल कुमार, राजीव रंजन, विजय प्रताप सिंह, प्रेमप्रकाश उपाध्याय, वीर बहादुर सिंह, मनोज कुमार सिंह, राजीव रंजन सिंह, अनंत कुमार त्रिपाठी, पारसनाथ, रूपेश कुमार, रोहित कुमार, अवधेश कुमार मौर्य, प्रियांशु कुमार और अश्विनी कुमार सिंह शामिल थे।