बुलंदशहर में मंगलवार को जीएसटी विभाग की टीमों ने राजेश्वर मंदिर के निकट स्थित एक हार्डवेयर कारोबारी के प्रतिष्ठान पर संयुक्त रूप से छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने प्रतिष्ठान और कारोबारी के आवास पर पहुंचकर दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, “श्री राम एंड संस हार्डवेयर एंड सेनेटरी” नामक दुकान पर जीएसटी विभाग की टीम ने छापा मारा। इसके साथ ही, जीएसटी विभाग की चार अन्य टीमें भी मौके पर पहुंचीं और दुकान के साथ-साथ कारोबारी के घर पर भी जांच शुरू की। टीमें खरीद-फरोख्त से संबंधित फाइलों, बिल बुक और अन्य अहम दस्तावेजों की गहनता से जांच कर रही हैं। अधिकारियों द्वारा कम्प्यूटर रिकॉर्ड और लेन-देन से जुड़े दस्तावेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि कारोबार से जुड़े वित्तीय लेनदेन की सही जानकारी जुटाई जा सके। सूत्रों के अनुसार, विभाग को टैक्स से जुड़ी कुछ अनियमितताओं की शिकायत मिली थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई है। छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने प्रतिष्ठान के रिकॉर्ड को कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी। विभाग के जॉइंट कमिश्नर विवेक कुमार और डिप्टी कमिश्नर जयंत सिंह के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के चलते क्षेत्र में काफी देर तक हलचल का माहौल बना रहा और आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। देर रात तक विभागीय टीमें प्रतिष्ठान और संबंधित स्थानों पर दस्तावेजों की जांच में जुटी रहीं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।