लखनऊ में कमर्शियल गैस सिलेंडर की लगातार कमी से होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई कारोबारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लखनऊ व्यापार मंडल के वरिष्ठ महामंत्री पवन मनोचा ने बताया कि सिलेंडर की अनुपलब्धता से व्यापार सीधे तौर पर प्रभावित हो रहा है, जिससे कई छोटे व्यवसायी आर्थिक संकट में हैं। मनोचा ने इस बात पर जोर दिया कि जहां घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति आवश्यक है, वहीं कमर्शियल सिलेंडरों की कमी को भी दूर किया जाना चाहिए। शहर के रेस्टोरेंट, होटल और खानपान से जुड़े प्रतिष्ठानों को प्रतिदिन सिलेंडरों की आवश्यकता होती है, लेकिन पर्याप्त आपूर्ति न होने के कारण उनका कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। छोटी दुकानें बंद होने की कगार पर पवन मनोचा के अनुसार, स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि कई छोटी दुकानें बंद होने की कगार पर हैं। कारोबारियों को दुकान का किराया, कर्मचारियों का वेतन और वार्षिक कर जैसे कई खर्चों का बोझ एक साथ उठाना पड़ रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर हो रही है। इस समस्या से निपटने के लिए कुछ बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठानों ने कमर्शियल इंडक्शन चूल्हे खरीदने शुरू कर दिए हैं। वर्तमान में एक इंडक्शन की कीमत लगभग 10 हजार रुपए है। हालांकि, मांग बढ़ने और उत्पादन कम होने के कारण अब इंडक्शन चूल्हों की भी कमी होने लगी है, जिससे आने वाले समय में इनकी कीमतें बढ़ने की आशंका है। इंडक्शन चूल्हों की भी कमी होने लगी लखनऊ व्यापार मंडल ने प्रशासन से इस मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। मंडल ने जिलाधिकारी से इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल ठोस कदम उठाने का आग्रह किया है, ताकि व्यापारियों को राहत मिल सके और उनका व्यवसाय सुचारु रूप से चल सके।