ग्रीनपार्क में अब अंतरराष्ट्रीय मैच होंगे:यूपी कैबिनेट ने किराया घटाया, 25 लाख की जगह 1.5-2.5 लाख में टी-20 लीग होगी

कानपुर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। ऐतिहासिक ग्रीनपार्क स्टेडियम में अब अंतरराष्ट्रीय और घरेलू मैचों की रौनक बढ़ने की उम्मीद है। उत्तर प्रदेश कैबिनेट ने स्टेडियम के किराए में भारी कटौती के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। अब टी-20 लीग के आयोजन के लिए आयोजकों को 25 लाख रुपए की भारी-भरकम राशि नहीं देनी होगी, बल्कि यह आयोजन अब करीब डेढ़ से ढाई लाख रुपये में कराया जा सकेगा। किराया कम होने से कानपुर को साल भर अधिक मैच मिलने की संभावना बढ़ गई है। कैबिनेट ने दी किराए में कटौती को मंजूरी
ग्रीनपार्क स्टेडियम के सामने सबसे बड़ी समस्या उसका महंगा किराया और सीमित दर्शक क्षमता थी। यूपीसीए को एक मैच के लिए करीब 25 लाख रुपये तक किराया चुकाना पड़ता था, जिसके कारण कई बार मुकाबले कानपुर की बजाय दूसरे शहरों में आयोजित किए जाते थे। कानपुर कमिश्नर के. विजयेंद्र पांडियन ने शासन को किराया कम करने का प्रस्ताव भेजा था। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। नई दरों के अनुसार टी-20 लीग के लिए किराया 1.5 से 2.5 लाख रुपये तय किया गया है, जबकि ए श्रेणी के मैचों के लिए अब 5 लाख रुपये किराया देना होगा। जून में केपीएल और अगस्त में यूपी टी-20 लीग
कमिश्नर के. विजयेंद्र पांडियन ने बताया कि किराया कम होने का सीधा फायदा स्थानीय टूर्नामेंट और लीग प्रतियोगिताओं को मिलेगा। प्रशासन अब स्टेडियम में अधिक से अधिक मैच कराने की योजना बना रहा है। उन्होंने बताया कि आगामी जून में ‘कानपुर प्रीमियर लीग’ (केपीएल) कराने की तैयारी पूरी कर ली गई है। इसके बाद अगस्त में यूपीसीए की ‘यूपी टी-20 लीग’ के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। खेल प्रेमियों को मिलेगी राहत
ग्रीनपार्क स्टेडियम की पहचान लंबे समय तक एक बेहतरीन टेस्ट सेंटर के रूप में रही है, लेकिन टी-20 के दौर में किराए की शर्तों के कारण यह मैदान पीछे रह गया था। कमिश्नर के अनुसार इस फैसले के बाद अब बड़े क्रिकेटरों को इस मैदान पर खेलते हुए देखना आसान होगा। स्टेडियम में मैच बढ़ने से शहर की अर्थव्यवस्था और खेल संस्कृति को भी मजबूती मिलेगी। आने वाले समय में ग्रीनपार्क एक बार फिर अपनी पुरानी चमक लौटाने के लिए तैयार है।