मेरठ में बैचलर ऑफ आयुर्वेदिक मेडिसिन एंड सर्जरी (बीएएमएस) कोर्स में प्रवेश दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित छात्र की शिकायत पर न्यायालय के आदेश के बाद सिविल लाइंस थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भावनपुर थाना क्षेत्र के अब्दुल्लापुर निवासी मोहम्मद अमर एक निजी अस्पताल में कार्यरत हैं। वह आयुर्वेदिक डॉक्टर बनने के लिए बीएएमएस कोर्स में प्रवेश लेना चाहते थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात रोहटा रोड, सरस्वती कॉलोनी निवासी सुदीप राणा से हुई। आरोप है कि सुदीप राणा ने अमर को हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा स्थित एक विश्वविद्यालय में बीएएमएस कोर्स में पक्का दाखिला दिलाने का भरोसा दिलाया। इसके लिए उसने मोटी रकम की मांग की। अमर ने विश्वास में आकर 26 जून 2024 से 10 अगस्त 2024 के बीच अलग-अलग किस्तों में लगभग आठ लाख रुपये नकद और आरटीजीएस के माध्यम से आरोपी को दिए। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब छात्र का प्रवेश नहीं हुआ, तो उसे शक हुआ। पीड़ित ने जब आरोपी से अपने रुपये वापस मांगे, तो आरोप है कि सुदीप राणा ने पैसे लौटाने के बजाय जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित मोहम्मद अमर ने 16 जुलाई 2025 को थाना सिविल लाइंस में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन आरोप है कि उस समय पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। इसके बाद अमर ने न्यायालय एसीजेएम-10 में प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। न्यायालय ने मामले की सुनवाई के बाद थाना सिविल लाइंस पुलिस को आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच करने का आदेश दिया। इस आदेश के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि लेनदेन और अन्य सभी तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।