मथुरा में बहू ने सास की गला दबाकर हत्या की:पति से बोली- अम्मी को अटैक पड़ा; ननद से लड़ाई हुई तो मुंह से सच निकला

मथुरा में बहू ने प्रेमी के साथ मिलकर सास की हत्या कर दी। फिर पति को फोन किया- अम्मी कुछ बोल नहीं रही हैं। लगता है साइलेंट हार्ट अटैक पड़ा है। मौत की खबर सुनते ही ससुर-पति नोएडा से पहुंचे। रिश्तेदार भी आए। बहू ने खूब रोने का नाटक किया। उसकी कहानी को सच मानकर परिवार ने शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। सबकुछ उसके प्लान के मुताबिक हुआ। किसी को उस पर शक नहीं हुआ। हत्या के 3 दिन बाद बहू का ननद से खाना बनाने के लिए झगड़ा हो गया। गुस्से में बहू ने बोल दिया- मैंने तेरी मां को मारा है, जा तू मेरा बाल भी बांका कर ले। तुझे भी खत्म कर दूंगी। यह बात सुनकर परिवार को शक हो गया। ससुर ने पुलिस को शिकायत कर दी। पुलिस ने सास का शव कब्र से निकलवाया। पोस्टमॉर्टम हुआ तो गला दबाकर हत्या की बात क्लियर हुई। पुलिस ने बहू को पकड़ा तो उसने प्रेमी के साथ हत्या की बात कबूल ली। उसने बताया- सास ने मुझे प्रेमी के साथ देख लिया था, इसलिए उसे मार डाला। पुलिस ने बुधवार को दोनों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। मामला थाना राया क्षेत्र का है। 2 फोटो देखिए… अब सिलसिलेवार तरीके से पूरा मामला समझिए… बाप-बेटे नोएडा में काम करते थे, घर पर सास-बहू ही रहती थीं
भंकरपुर बसेला गांव के रहने वाले अनवर (50) अपनी पत्नी अनवरी (52) के साथ रहते हैं। उनके बेटे आमिर (26) की शादी 2020 में हाथरस के गांव कोटा कपूरा की रहने वाली हिना (24) से हुई। अनवर ने अपनी बेटी अमीना की शादी भी हाथरस में की है। अनवर और आमिर दोनों नोएडा में ड्राइवरी का काम करते हैं। घर पर अनवरी और हिना ही रहती थीं। 2 मार्च की रात बाप-बेटे को बताया- अम्मी नहीं रहीं
पुलिस ने बताया- 2 मार्च की रात हिना ने पति आमिर को फोन किया। कहा- अम्मी बोल नहीं रहीं, उनको अटैक आया है। लगता है वो नहीं रहीं। सुनते ही आमिर और उसके पिता गांव आए। अमीना भी घर आ गई। 3 मार्च को परिवारवालों और रिश्तेदारों की मौजूदगी में सास को कब्रिस्तान में दफनाया गया। 3 दिन बाद ननद से झगड़ा हुआ, सच्चाई सामने आई
अनवरी की मौत के बाद परिवार गम में डूबा था। बेटी अमीना घर पर ही थी। 6 मार्च को खाना बनाने को लेकर हिना और अमीना की बहस हो गई। बौखलाहट में हिना के मुंह से अम्मी की हत्या बात निकल गई। यह सुनते ही अमीना के पैरों तले जमीन खिसक गई। उसने तुरंत पिता और भाई को पूरी बात बताई। ससुर को पड़ोसी आदिल और हिना के अफेयर का पता चला
अमीना की बात सुनकर ससुर अनवर ने अगले दिन यानी 7 मार्च को आसपास के लोगों से बात की। लोगों ने उन्हें बताया कि पड़ोसी आदिल (19) का हिना से काफी मिलना-जुलना था। वह अक्सर हिना से मिलने घर आता था। कई बार उसे रात में घर आते और सुबह बाहर जाते देखा था। इससे अनवर को पूरी बात समझ आ गई। उन्होंने 8 मार्च को पुलिस से हिना के खिलाफ शिकायत की। कब्र से शव निकाला, पोस्टमॉर्टम में हत्या की पुष्टि
पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू की। 9 मार्च को डीएम से कब्र से शव निकालने की मंजूरी मिली। 10 मार्च को सास का शव कब्र से निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। देर रात रिपोर्ट में सास की हत्या की बात सामने आई। अब पढ़िए बहू ने पुलिस को क्या-क्या बताया… 10 मार्च की रात पुलिस ने हिना को हिरासत में ले लिया। उसने पुलिस को पूछताछ में बताया- आदिल के साथ 2 साल से अफेयर था। दोनों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया। उसने अम्मी के पैर पकड़े, आदिल ने तकिए से उनका गला दबा दिया। हिना ने पुलिस को बताया- पति और ससुर बाहर रहते थे। घर पर अकेली सास थी। जब अनवरी घर पर नहीं होती या सो रही होती तो आदिल उससे मिलने आता था। 2 मार्च की रात आदिल उसके साथ था। देर रात अनवरी की नींद खुल गई। उन्होंने आदिल और हिना को आपत्तिजनक हालत में देख लिया। पोल न खुल जाए इसलिए हिना और आदिल ने अनवरी को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया। हत्या करने के बाद आदिल अपने घर चला गया, जबकि हिना ने नोएडा अपने पति आमिर को फोन किया। साइलेंट अटैक से मौत की बात बताई। हिना के कबूलनामे के आधार पर पुलिस ने 11 मार्च को आदिल को गिरफ्तार कर लिया और हत्या का खुलासा कर दिया। सीओ श्वेता वर्मा ने बताया- जब महिला की मौत हुई उस समय कोई सूचना नहीं दी गई थी। शव को दफना दिया गया था। 8 मार्च को पति अनवर ने शिकायत पत्र दिया। आरोप बहू और उसके प्रेमी पर लगाया। DM के आदेश के बाद नायब तहसीलदार की मौजूदगी में शव को निकलवाकर पोस्टमॉर्टम कराया। तब हत्या का खुलासा हुआ। —————————- ये खबर भी पढ़ें… फतेहपुर में एक कमरे में मां-बेटे, देवर की लाश मिली:तीनों के गले पर जख्म, हाथ की नसें कटीं; पास में जहर की पुड़िया पड़ी थी
फतेहपुर में मां-बेटे और देवर की एक कमरे में लाश मिली है। तीनों के गले पर घाव थे। हाथों की नस कटी हुई थी। पास में ही जहर की पुड़िया भी पड़ी थी। महिला के पति अपनी बेटी की ससुराल गए थे। बुधवार शाम जब घर लौटे तो मेन दरवाजा अंदर से बंद था। उन्होंने पड़ोसियों की मदद से गेट तोड़ा। अंदर गए तो देखा कि तीनों लोग खून से लथपथ पड़े थे। पढ़ें पूरी खबर….