लखनऊ में प्रेम प्रसंग के चलते एक हेयर स्टाइलिस्ट ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक की मां ने प्रेमिका पर प्रताड़ित करने और धमकी देने का आरोप लगाते हुए हजरतगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। हजरतगंज के हाइडिल कॉलोनी निवासी सुमित रावत (23) सहारागंज स्थित एक शॉप में हेयर स्टाइलिस्ट के रूप में काम करता था। उसकी मां सुमन के मुताबिक सुमित का करीब सात महीने से मुंशी पुलिया इलाके में रहने वाली अंजली से प्रेम प्रसंग चल रहा था। सुमित उससे शादी करना चाहता था, लेकिन युवती उससे दूरी बनाना चाहती थी। युवती ने सुमित के साथ मारपीट की परिजनों का आरोप है कि 10 मार्च को अंजली सुमित के घर आई थी। इस दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि युवती ने सुमित के साथ मारपीट की और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। इसके बाद से सुमित काफी परेशान रहने लगा था। गुरुवार सुबह करीब 9:45 बजे सुमित ने कमरे में दुपट्टे का फंदा बनाकर पंखे के सहारे फांसी लगा ली। काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर परिजनों को शक हुआ। अंदर जाकर देखा तो वह फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन कब्जे में लिया मृतक के परिवार में मां और दो बहनें हैं। उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। हजरतगंज थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि मृतक का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और मामले में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।