यूपी उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस सीधी भर्ती-2025 परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों के आवागमन की सुगम व्यवस्था के लिए परिवहन निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अभ्यर्थियों के सफर को आसान बनाने के लिए शुक्रवार से अयोध्या डिपो की 155 बसें ऑन रोड रहेंगी। साथ ही बस स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए 24 घंटे कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी और रोडवेज कर्मियों के अवकाश भी निरस्त कर दिए गए हैं। यूपी उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा 14 और 15 मार्च को अयोध्या जिले के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित होगी। परीक्षा के लिए जिले में 8122 अभ्यर्थियों को केंद्र आवंटित किया गया है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने परिवहन निगम के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन का मानना है कि विभिन्न जिलों से आने वाले अभ्यर्थियों के साथ उनके अभिभावक भी पहुंचेंगे, जिससे परिवहन व्यवस्था पर दबाव बढ़ सकता है। जानकारी के अनुसार अयोध्या में गोरखपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, गोंडा, अंबेडकरनगर और सुल्तानपुर समेत आसपास के जिलों के अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए हैं। ऐसे में शुक्रवार से ही अभ्यर्थियों का जिले में आगमन शुरू हो जाएगा। परिवहन निगम ने अभ्यर्थियों के सुगम सफर के लिए अयोध्या डिपो से 24 घंटे बस सेवा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है। भीड़ को देखते हुए अधिक यात्री वाले मार्गों पर बसों की संख्या और फेरे बढ़ाए जाएंगे। अयोध्या डिपो के एआरएम आदित्य प्रकाश ने बताया कि एसआई भर्ती परीक्षा को देखते हुए एक दिन पहले से ही बसों को ऑनरोड कर दिया जाएगा। सभी प्रमुख मार्गों पर बसों का संचालन किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर बसों को आरक्षित भी रखा जाएगा। साथ ही बसों के सुचारू संचालन के लिए रोडवेज कर्मचारियों के अवकाश भी निरस्त रहेंगे।