लखनऊ में 312 फ्लैट-पेंटहाउस की लॉटरी:743 आवेदकों में से निकाले नाम, नर्मदा अपार्टमेंट के घरों का आवंटन हुआ

लखनऊ के गोमती नगर विस्तार स्थित नर्मदा अपार्टमेंट के 312 फ्लैट और पेंटहाउस का गुरुवार को लॉटरी के जरिए आवंटन कर दिया गया। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मार्स हॉल में 743 आवेदकों के बीच लकी ड्रॉ निकाला गया। लॉटरी में 3BHK+स्टडी के 300 फ्लैट और 12 पेंटहाउस के लिए पर्चियां निकाली गईं। जैसे ही लॉटरी में नाम घोषित हुए, सफल आवेदकों के चेहरे खुशी से खिल उठे। अपार्टमेंट पर्यावरण के अनुकूल बनाया एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि गोमती नगर विस्तार की G-20 रोड स्थित नर्मदा अपार्टमेंट में आधुनिक सुविधाओं के साथ आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। यहां पार्किंग, 24 घंटे बिजली आपूर्ति, किड्स प्ले एरिया, लिफ्ट और स्विमिंग पूल जैसी सुविधाएं होंगी। साथ ही परिसर में ग्रीन पार्क भी विकसित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र को पर्यावरण के अनुकूल बनाया जा सके। यूट्यूब चैनल पर लाइव प्रसारण भी किया अपर सचिव सीपी त्रिपाठी ने बताया- पूरी लॉटरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से कराई गई। कार्यक्रम के दौरान आवेदकों से ही पर्चियां निकलवाई गईं और पूरी प्रक्रिया का यूट्यूब चैनल पर लाइव प्रसारण भी किया गया। लॉटरी के बाद हॉल में मौजूद आवेदकों ने एलडीए की पारदर्शी व्यवस्था की सराहना की और अधिकारियों का आभार जताया।