शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर नाबालिग बटुकों का यौन शोषण करने का आरोप लगाने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी को अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी द्वारा धंधेबाज और ब्लैकमेलर कहे जाने के बाद आशुतोष महारज ने उनको चेतावनी देते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बगाम्बरी पीठ के महंत नरेंद्र गिरी की मौत से लेकर तीन आश्रमों में महिलाओं के साथ उत्पीड़न का आरोप लगाया है। साथ ही उन्होंने कहा कि वह हमारा मुंह न खुलवाएं, मेरा मुंह खुल गया तो सबको पता चल जाएगा। विस्तार से पढ़िए क्या कहा आशुतोष ब्रह्मचारी ने….
धंधेबाज और ब्लैकमेलर कहे जाने पर नाराज आशुतोष ब्रह्मचारी ने उन्हें चेतावनी देते हुए कहा कि वह हमारा मुंह न खुलवाएं। कहा है कि मेरा मुंह खुल गया तो सबको पता चल जाएगा कि महंत नरेंद्र गिरी की मौत कैसे हुई? और किसने कराई? एक युवा निर्दोष संत आनंद गिरी को किसने जेल भेजवाया है? किसको अखाड़ा परिषद का अध्यक्ष बनना था? यह हमको अच्छी तरह से पता है। रवींद्र पुरी पर भी लगाए गंभीर आरोप
महंत रवींद्र पुरी को लेकर आशुतोष ब्रह्मचारी ने कहा- आप ज्यादा नेता गिरी मत कीजिए, वरना बरेली, हरिद्वार और कनखल आश्रम में क्या होता है एक एक पोल खोल दूंगा। महिलाओं का कैसे उत्पीड़न किया जाता है। इतना ही नहीं आशुतोष ब्रह्मचारी ने महंत रवींद्र पुरी के तीन आश्रमों की गतिविधियों को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। आशुतोष ब्रह्मचारी ने आगे कहा कि उनके आश्रम में क्या कुछ होता है उन्हें अच्छे से सब पता है, मेरा मुंह खुल गया तो सबको पता चल जाएगा की महिलाओं का कैसे उत्पीड़न किया जाता है और फिर पैसे के दम पर उन्हें शांत करा दिया जाता है। आशुतोष ब्रह्मचारी ने महंत रवींद्र पुरी को चेतावनी देते हुए कहा कि मेरा मुंह मत खुलवाएं, स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने नाबालिगों से दुष्कर्म किया है, सारे साक्ष्य है। दरअसल, उज्जैन में मीडिया से बातचीत करते हुए अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी ने आशुतोष ब्रह्मचारी पर ही बच्चों के उत्पीड़न का आरोप लगा दिया था।