उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) दरोगा भर्ती अभ्यर्थियों के लिए रोडवेज चलाएगी। वहीं, चारबाग रेलवे स्टेशन पर पहुंचने वाले अभ्यर्थियों के लिए टेंट की व्यवस्था की गई है। यूपीएसआरटीसी ने 14 और 15 मार्च को होने वाली उप निरीक्षक सिविल पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले लगभग 88,000 अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए बड़े पैमाने पर बसों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रबंध निदेशक यूपीएसआरटीसी प्रभु एन सिंह ने सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों को निर्देशित किया है कि विभिन्न जनपदों से लखनऊ आने वाले अभ्यर्थियों के आवागमन को देखते हुए निगम की बसों की पर्याप्त संख्या उपलब्ध रहे। परीक्षा केंद्रों तक सुगम, सुरक्षित और समयबद्ध यात्रा सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 17 जनपदों से कुल करीब 88 हजार अभ्यर्थी लखनऊ के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर पहुंचेंगे। UPSRTC ने स्पष्ट किया है कि कोई मुफ्त यात्रा की व्यवस्था नहीं है, बसें सामान्य किराए पर चलेंगी। इन जिलों में इतने अभ्यर्थी देंगे परीक्षा अंबेडकर नगर: 11,198, औरैया: 5,120, अयोध्या: 8,122, बाराबंकी: 2,797, इटावा: 7,030, हरदोई: 1,032, जौनपुर: 7,450, कानपुर देहात: 7,677, कानपुर नगर: 9,592, खीरी: 981, प्रतापगढ़: 8,306, प्रयागराज: 233, रायबरेली: 1,395, सीतापुर: 905, सुल्तानपुर: 6,950, उन्नाव: 1,229 और वाराणसी: 8,303 अभ्यर्थी हैं। चारबाग रेलवे स्टेशन के बाहर लगा टेंट चारबाग रेलवे स्टेशन के बाहर लखनऊ में कल होने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर लगाया गया टेंट। जहां दूर दराज से आने वाले पुलिस भर्ती अभ्यर्थियों के रुकने की व्यवस्था की गई है। ताकि उन्हें किसी परेशानी का सामना न करना पड़े। यहां से परीक्षा केंद्र अधिकतर 8 से 9 किलोमीटर दूरी पर ही है।