देवरिया में नाबालिग से जबरन ब्लड निकलवाने का आरोप:मां ने कहा- बेटे के साथ मारपीट भी की, एसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग

देवरिया। शहर के सिविल लाइन क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। महिला का आरोप है कि उसके नाबालिग बेटे का अपहरण कर जबरन खून निकलवाया गया और जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है। पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में रीता देवी ने बताया कि उनका बेटा सत्यम यादव (15) कक्षा सात का छात्र है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजेंद्र चौक उमानगर के कुछ युवक गिरोह बनाकर रहते हैं और मादक पदार्थों का सेवन करते हैं। रीता देवी के अनुसार, उनके बेटे ने 12 मार्च 2026 को उन्हें इस पूरी घटना की जानकारी दी। शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने लगभग एक माह पहले और फिर एक सप्ताह पहले नाबालिग को धमकाकर अपने साथ ले गए। आरोप है कि उसे पिस्टल दिखाकर अगवा किया गया और सोनूघाट स्थित एक निजी ब्लड बैंक में ले जाकर जबरन उसका खून निकलवाया गया। महिला का कहना है कि आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देकर यह काम कराया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उनके बेटे के साथ मारपीट की। उन्होंने मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी अपलोड कर दिया। साथ ही यह धमकी भी दी कि अगर घटना के बारे में किसी को बताया तो उसे और उसकी मां को घर में घुसकर गोली मार दी जाएगी। रीता देवी ने बताया कि वह अपने बेटे के साथ अकेले रहती हैं और उसकी पढ़ाई के लिए शहर में निवास कर रही हैं। आरोपियों की धमकियों के कारण परिवार में भय का माहौल है और उन्हें किसी भी समय जान का खतरा महसूस हो रहा है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, कड़ी कार्रवाई करने और अपने तथा अपने बेटे की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।