क्रिकेटर कुलदीप यादव की शादी के फंक्शन मसूरी में हो रहे हैं। शुक्रवार सुबह 11 बजे से हल्दी की रस्म शुरू हुई, जो दोपहर करीब दो बजे तक चली, जिसमें क्रिकेटर युजवेंद्र चहल समेत कई मेहमानों ने ढोल की थाप पर जमकर डांस किया। हल्दी के दौरान चहल कुलदीप-वंशिका के चेहरे पर हल्दी लगाते दिखे। इसके बाद कुलदीप यादव भी अपनी होने वाली दुल्हन वंशिका सिंह के साथ डांस करते दिखाई दिए। दोनों ने दोस्तों और रिश्तेदारों के बीच डांस मूव्स दिखाए, जिसके कई वीडियो सामने आए हैं। हल्दी के बाद मेहमानों के लिए स्पेशल लंच रखा गया, जिसमें एक थाली की कीमत 20 हजार रुपए से ज्यादा बताई जा रही है। शाम 6 बजे से मसूरी के आईटीसी सेवॉय होटल में कॉकटेल पार्टी शुरू हो गई है, जहां मेहमानों के साथ संगीत और जश्न का दौर चल रहा है। कुलदीप की हल्दी से जुड़ी 5 PHOTOS… गौतम गंभीर भी शामिल हो सकते हैं क्रिकेटर रिंकू सिंह अपनी मंगेतर प्रिया सरोज के साथ पहुंचे हैं। मसूरी में पहुंचने के दौरान युजवेंद्र चहल ने मीडिया से कहते नजर आए कि ‘भाई की शादी है, फुल डांस होगा।’ कॉकटेल पार्टी में शामिल होने तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज भी पहुंच सकते हैं। वहीं सूत्रों की मानें तो शनिवार को शादी समारोह में सूर्यकुमार यादव, रोहित शर्मा और भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर के भी शामिल होने की उम्मीद है। बचपन की दोस्त से शादी कर रहे कुलदीप कुलदीप अपनी मंगेतर और बचपन की दोस्त वंशिका सिंह के साथ 14 मार्च को शादी के बंधन में बंधेंगे। मसूरी में होने वाली इस शादी को लेकर होटल और आसपास के इलाकों में खास तैयारियां की गई हैं। अभी होटल में कुलदीप यादव के दोस्त मस्ती और डांस कर रहे हैं। यह रॉयल वेडिंग उत्तराखंड के मसूरी स्थित आलीशान आईटीसी सेवॉय होटल में हो रही है। शादी के कार्यक्रम 12 मार्च से शुरू हुए थे, जो 14 मार्च तक चलेंगे। डिजिटल इन्विटेशन कार्ड में मेहंदी, हल्दी, संगीत, कॉकटेल और शादी के मुख्य कार्यक्रम की पूरी जानकारी साझा की गई है। कुलदीप कल यानी 12 मार्च को देहरादून पहुंचे थे, जहां उनका जोरदार स्वागत हुआ। इसके बाद वह कार से मसूरी पहुंचे। होटल के एंट्री गेट पर कुलदीप यादव नाचते और जश्न मनाते हुए नजर आए। #Kulvansh के नाम से ट्रेंड करेगी शादी डिजिटल इन्विटेशन कार्ड की शुरुआत भगवान गणेश की वंदना से की गई है। कार्ड को रॉयल और मॉडर्न लुक दिया गया है, जिसमें कुलदीप यादव और वंशिका सिंह के एनिमेटेड अवतार भी नजर आते हैं। कपल ने अपनी शादी के लिए #Kulvansh चुना है। यह हैश-टैग कुलदीप के नाम के ‘कुल’ और वंशिका के नाम के ‘वंश’ को मिलाकर बनाया गया है। माना जा रहा है कि शादी से जुड़े फोटो और वीडियो इसी हैश टैग के साथ सोशल मीडिया पर शेयर किए जाएंगे। शनिवार को शाम 5 बजे बारात निकलेगी शादी का मुख्य समारोह 14 मार्च को होटल के सेंट्रल लॉन में होगा। शाम 4 बजे साफा बंधाई की रस्म होगी, 5 बजे कुलदीप यादव घोड़ी पर सवार होकर बारात लेकर निकलेंगे। इसके बाद शाम 6 बजे वरमाला और रात 8 बजे फेरे होंगे। आधी रात तक शादी की बाकी रस्में पूरी की जाएंगी। ये भी पढ़ें- कौन हैं वंशिका चड्ढा, जिनसे कल शादी करेंगे कुलदीप:सोशल मीडिया पर अकाउंट नहीं, कानपुर में पली-बढ़ीं, पढ़ाई के लिए मां के पास ऑस्ट्रेलिया गईं कुलदीप यादव की शादी से जुड़े ताजा अपडेट के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…