पुलिस भर्ती परीक्षा में 11,615 अभ्यर्थी हुए शामिल:4,225 गैरहाजिर रहे, वाराणसी जोन के ADG ने किया केंद्रों का निरीक्षण

जौनपुर में उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती की परीक्षा शनिवार को 19 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई। दो पालियों में आयोजित इस परीक्षा में कुल 15,840 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 11,615 उपस्थित रहे और 4,225 अनुपस्थित पाए गए। परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों के अनुसार, रीजनिंग के प्रश्नों ने उन्हें उलझाए रखा, जबकि गणित के प्रश्नों को हल करने में अधिक समय लगा। हालांकि, कुछ अभ्यर्थियों ने हिंदी और सामान्य ज्ञान के प्रश्नों को आसान बताया। परीक्षा की निगरानी कंट्रोल रूम से की जा रही थी। अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) वाराणसी जोन पीयूष मोर्डिया और वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) वैभव कृष्ण ने विभिन्न केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र और पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने भी टीडी कॉलेज, बीआरपी इंटर कॉलेज, मो. हसन इंटर कॉलेज और पूर्वांचल विश्वविद्यालय सहित कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए 19 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 19 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 19 केंद्र व्यवस्थापक और लगभग 700 कक्ष निरीक्षकों को तैनात किया गया था। प्रथम पाली में 7,920 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 5,763 उपस्थित रहे और 2,157 ने परीक्षा छोड़ दी। दूसरी पाली में भी 7,920 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 5,852 उपस्थित रहे, जबकि 2,068 अनुपस्थित पाए गए।आजमगढ़ से आए अभ्यर्थी अभय कुमार ने बताया कि प्रश्नपत्र आसान था, लेकिन समय की बाध्यता के कारण कुछ दिक्कतें आईं। उन्होंने कहा कि अच्छी तैयारी करने वालों को अधिक परेशानी नहीं हुई होगी।बलिया के आदर्श कुमार यादव ने बताया कि रीजनिंग के प्रश्नों ने उन्हें उलझाए रखा, जबकि हिंदी और सामान्य ज्ञान के प्रश्न आसान थे। उनके अनुसार, गणित के एक-दो प्रश्न थोड़े कठिन थे। बलिया के अमित गुप्ता ने कहा कि कुछ प्रश्न उलझाने वाले थे और समय कम होने के कारण उनके कुछ रीजनिंग के प्रश्न छूट गए, जिससे उनके अंकों पर असर पड़ सकता है। आजमगढ़ के रजनीश कुमार ने बताया कि उनका पेपर अच्छा हुआ है। उन्होंने कहा कि रीजनिंग में कोडिंग से जुड़े अधिक प्रश्न थे, जबकि गणित के प्रश्न कम थे। रजनीश ने परीक्षा के बाद बेहतर परिणाम की उम्मीद जताई।