शादी में पति-पत्नी ने की हर्ष फायरिंग, VIDEO:जालौन में डांस के बीच पहुंचा युवक, पत्नी ने भी हवा में दागी गोलियां

जालौन में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग का एक मामला सामने आया है, जिसमें पति-पत्नी द्वारा खुलेआम बंदूक से फायरिंग करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसके बावजूद भी अभी तक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। मामला रामपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम हुसेपुरा जागीर (जगम्मनपुर) का बताया जा रहा है। जहां 11 मार्च को गांव के रहने वाले देवेंद्र प्रजापति के पुत्र अंकित की शादी थी, शाम करीब 8 बजे शादी समारोह के दौरान निकासी का कार्यक्रम चल रहा, इस दौरान महिलाएं गाने पर डांस कर रही थी, इसी दौरान ग्राम भिटारी निवासी हरेन्द्र कुमार उर्फ रानू प्रजापति पुत्र काशी प्रसाद अपनी लाइसेंसी बंदूक लेकर पहुंचे और डांस के बीच हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। इतना ही नहीं, उन्होंने अपनी पत्नी को भी बंदूक देकर डांस के दौरान फायरिंग करवाई। समारोह में मौजूद लोगों के अनुसार दोनों ने कई राउंड फायरिंग की, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि इस दौरान गांव के पूर्व प्रधान ने उन्हें फायरिंग करने से रोकने का प्रयास भी किया, लेकिन उसके बावजूद भी दोनों नहीं माने और लगातार हर्ष फायरिंग करते रहे। इस पूरी घटना का किसी व्यक्ति ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। गौरतलब है कि शादी-समारोह या अन्य कार्यक्रमों में हर्ष फायरिंग पर हाईकोर्ट और उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सख्त प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बावजूद भी खुलेआम इस तरह फायरिंग होना कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। इस मामले में माधौगढ़ के सीओ अंबुज यादव से जानकारी ली, तो उन्होंने बताया कि उनके संज्ञान में इस तरह का कोई भी मामला नहीं आया है। यदि उनके संज्ञान में कोई मामला आता है तो वह आवश्यक कार्रवाई करेंगे।