हमलावर पहले भी कर चुके थे फायरिंग:शादी में विवाद के बाद घर लौटते वक्त युवकों पर हमला, पहले भी चला चुके थे गोली

प्रयागराज के मुट्‌ठीगंज में दो दिन पहले फायरिंग में जख्मी युवकों से पूछताछ में एक अहम खुलासा हुआ है। एक घायल का कहना है कि हमलावर पहले भी उस पर गोली चला चुके थे। घटना वाली रात पहले उन्होंने एक शादी समारोह में विवाद किया। इसके बाद रात में 2:30 बजे के करीब जब दोनों घर लौटने लगे तो काफी दूर तक पीछा करके आए और रास्ता रोक कर हमला किया। इस मामले में चार लोगों पर नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है लेकिन फिलहाल किसी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। घायलों में एक लाॅ का छात्र
घटना में जो दो लोग घायल हुए हैं उनमें सक्षम शर्मा निवासी मालवीय नगर भी शामिल है। उसने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वह लाॅ छात्र है और 12 मार्च को रात्रि में चौधरी गार्डन, कल्याणी देवी अपने मित्र रवि पंडा के साथ दावत में गया था। वहां पर लक्की पण्डा निवासी मीरा गली थाना दारागंज, विमल पण्डा व कमल शर्मा निवासी-ऊंचराय गंगा प्रसाद थाना अतरसुइया और संदीप कनौजिया निवासी कच्ची सड़क थाना दारागंज भी आए थे। बातचीत चल रही थी तभी शुरू कर दिया विवाद
मैं और मेरा मित्र अपने पहचान के चाचा टिंकू पंडा से बातचीत कर रहे थे कि चारों लोग बीच में आकर वाद -विवाद करने लगे। अन्य लोगों के बीच बचाव करने पर उसे वक्त मामला शांत हो गया और वह अपने दोस्त के साथ रात 2:30 बजे के करीब घर जाने के लिए वापस निकला। आरोप है कि घर के पास बांसमण्डी चौराहा से कुछ ही दूरी पर यह चारों लोग उनका पीछा करते हुए दो बाइक से आ धमके। उन्होंने आते ही गाली गलौज शुरू कर दी और विरोध पर मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि लकी रवि को मारने लगा और विमल ने अवैध पिस्टल से फायर किया जिसमें गोली उसके पैर में लगी। इसी तरह दूसरी गोली संदीप कनौजिया ने उसके दोस्त रवि को मारी। फायरिंग की सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकले हैं तो हमलावर भाग निकले। सक्षम का कहना है कि इससे पहले भी हमलावर उस पर गोली चला चुके हैं और इन लोगों के खिलाफ दारागंज व थाना मु‌ट्ठीगंज में कई मुकदमे पंजीकृत हैं। पुलिस बोली डीसीपी सिटी मनीष कुमार शांडिल्य का कहना है कि हमलावरों की तलाश में टीमें लगाई गई हैं। प्रयागराज के साथ-साथ आसपास की जनपदों में भी उनके लिए सुरागरशी की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।