देवरिया में एक इंटर कॉलेज कर्मचारी की शनिवार रात सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वह श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के भोपतपुरा गांव निवासी थे और पैदल यज्ञ में शामिल होने जा रहे थे। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक की पहचान भोपतपुरा गांव निवासी कपिल देव प्रसाद के रूप में हुई है। वह क्षेत्र के बापू कृषक इंटर कॉलेज कड़सरवा बुजुर्ग में स्वीपर के पद पर कार्यरत थे। उनके पुत्र रमेश प्रसाद ने बताया कि शनिवार रात करीब 8 बजे कपिल देव प्रसाद घर से निकट स्थित चकिया कोठी चौराहे पर चल रहे श्रीसीताराम नाम जाप महायज्ञ में शामिल होने के लिए निकले थे। घर से लगभग 100 मीटर आगे बढ़ते ही एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से कपिल देव प्रसाद सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भाटपार रानी ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद मृतक के परिवार में गहरा शोक है, और गांव में भी मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।