बीजेपी विधायक के होली मिलन में ‘लिल्ली घोड़ी’ का नाच:1980 के दशक का ग्रामीण बाजा भी बना आकर्षण

सदर विधायक योगेश वर्मा ने रविवार को लखीमपुर खीरी के सीतापुर रोड पर होली मिलन समारोह आयोजित किया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने भाग लिया और एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। समारोह में उत्साह और भाईचारे का माहौल रहा। समारोह का मुख्य आकर्षण 1980 के दशक का प्रसिद्ध ग्रामीण ‘लिल्ली घोड़ी’ का नाच रहा। इस पारंपरिक लोक नृत्य के साथ पुराने ग्रामीण बाजे की धुन पर लोगों ने खूब आनंद लिया। लंबे समय बाद इस पारंपरिक नाच और बाजे को देखकर उपस्थित लोग पुराने दौर की यादों में खो गए। यह आयोजन क्षेत्र में काफी चर्चा का विषय रहा। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने विशिष्ट अतिथि के तौर पर शिरकत की। सभी अतिथियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। सदर विधायक योगेश वर्मा ने इस अवसर पर कहा कि होली प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का प्रतीक पर्व है। उन्होंने जोर दिया कि ऐसे आयोजन समाज में एकता और आपसी संबंधों को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में भाजपा के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।