कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के बरसाइतपुर इलाके में रविवार सुबह नाली में एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर शाम युवक की पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दे दी गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक सुबह कुछ राहगीरों ने नाली में एक युवक को पड़ा देखा। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। सोहन के रूप में हुई पहचान जांच के दौरान युवक की पहचान सोहन (30) पुत्र राजेश्वर सिंह निवासी पंचमुखी मंदिर के पास, सूर्य बिहार थाना नवाबगंज के रूप में हुई। पहचान होने के बाद पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। नशे की हालत में नाले में गिरने की आशंका मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि युवक कुछ देर पहले नाली की सफाई करता दिखाई दिया था। बताया जा रहा है कि वह शराब के नशे में था और संभवतः उसी दौरान संतुलन बिगड़ने से नाली में गिर गया। हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है। कल्याणपुर थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।