कल्याणपुर में डिलीवरी के दौरान महिला की मौत:परिजनों ने अस्पताल में किया हंगामा, कहा- गलत इंजेक्शन लगाने से गई जान

कानपुर के कल्याणपुर में निजी अस्पताल में डिलीवरी के दौरान महिला की मौत हो गई। डॉक्टर की लापरवाही का आरोप लगाते हुए घरवालों ने हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को शांत कराया। हालांकि घरवालों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। रसूलाबाद थाना क्षेत्र के बरसौरा गांव के रहने वाले सचिन किसान हैं। परिवार में पत्नी नेहा (26) और एक तीन साल की बेटी है। सचिन ने बताया- पत्नी की डिलेवरी कराने के लिए वह शनिवार सुबह कल्याणपुर पनकी रोड स्थित प्रिया सरोज एंड ट्रामा सेंटर लाए थे। आरोप है कि डॉक्टरों ने उन्हें बताया जच्चा और बच्चा की कंडीशन ठीक नहीं है। तत्काल आपरेशन करना होगा, जिसके बाद परिजनों से कुछ पेपरों में साइन करवाया और मरीज को तत्काल आपरेशन थिएटर में ले गए। कुछ देर बाद डॉक्टरों ने महिला की हालत खराब होने का हवाला देते हुए हैलट हॉस्पिटल के लिए रेफर कर दिया। जब परिजन महिला को लेकर हैलट हॉस्पिटल लेकर पहुंचे तो डॉक्टरों ने महिला को देखते ही मृत घोषित कर दिया। इसके बाद गुस्साए परिजन महिला के शव को वापस कल्याणपुर अस्पताल ले आए और शव बाहर एंबुलेंस में रखकर हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने 112 नंबर डायल कर घटना की सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही कल्याणपुर थाने का फोर्स मौके पर पहुंचा और सभी को समझा बुझाकर शांत कराया। परिजनों का आरोप है कि गलत ऑपरेशन के दौरान महिला के मौत हुई है। हालांकि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। करीब 3 घंटे तक हॉस्पिटल के बाहर हंगामा चलता रहा। कल्याणपुर थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों को समझा बूझकर शांत करा दिया गया है। परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। परिजनो की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। कोई तहरीर मिलेगी तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।