रामपुर में ईद पर काला कपड़ा पहनकर नमाज अदा करने की अपील करने वाले युसूफ मलिक पर केस दर्ज किया गया है। वह मुरादाबाद का रहने वाला है। उसने जेल में आजम खान से मिलने की बात कही थी। युसूफ ने आजम से मुलाकात का दावा करते हुए एक वीडियो जारी किया था। इसमें कहा था- आजम ने मुसलमानों के लिए पैगाम भेजा है कि वे काला कपड़ा पहनकर, काली पट्टी बांधकर नमाज पढ़ें। युसूफ की गंज कोतवाली के एसआई ने शिकायत की थी। जिस पर सोमवार को मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस युसूफ से आजम की जेल में मुलाकात की भी जांच कर रही है। अब पढ़िए, युसूफ मलिक क्या कह रहा यूसूफ मलिक ने रामपुर में शनिवार को आजम खान से जेल में मिलने का दावा किया था। उसने कहा- मैं और सालिम भाई थे। जेल के अंदर मुलाकात क्या ही होगी। आजम साहब ने एक पैगाम दिया है। उन्होंने कहा है कि सुन्नी मुसलमानों से अपील है कि इस बार ईद पर काले कपड़े पहने। हो सके तो नए कपड़े न पहने। ईरान में जो बच्चियों के साथ हादसा हुआ है। इजराइल और अमेरिका ने जो 160 बच्चियों को मारा है। उसके गम में काली पट्टी बांधकर नमाज पढ़ें। काले कपडे़ पहने और कहकहा लगाकर न हंसें। सुन्नी मुलसमानों का सहयोग करें। वो भी हमारी बच्चियां थीं। ASP बोले- भावनाएं भड़काईं
युसूफ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने कहा- मुरादाबाद के युसूफ मलिक पर मुकदमा दर्ज किया गया है। उसने त्यौहार के दिन धर्म विशेष के लोगों से अलग टाइप के कपड़े पहनकर विरोध प्रदर्शन की अपील की थी। भावनाएं भड़काने के मामले में विवेचना की जा रही। वीडियो के साथ-साथ यूसुफ और आजम खान की मुलाकात की भी जांच होगी। कई बार जेल जा चुका है युसुफ पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, युसूफ मलिक पर पहले से ही गैंगस्टर, हिस्ट्रीशीटर, एनएसए और गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई हो चुकी है। वह कई बार जेल जा चुका है। उसके खिलाफ कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं । करीब चार साल पहले युसूफ मलिक तब सुर्खियों में आया था, जब उस पर मुरादाबाद नगर निगम के तत्कालीन अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार को जान से मारने की धमकी दी थी। उनके कार्यालय में हंगामा, गाली-गलौज की थी। तब उसके खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने और धमकी देने का मुकदमा दर्ज हुआ था। युसूफ मलिक का शुरुआती कारोबार शहर में टेंपो ठेके से जुड़ा था। बाद में उसने नगर निगम के ठेके लेने शुरू किए और धीरे-धीरे शहर की ठेकेदारी में सक्रिय हो गया। इसी दौरान उसका संपर्क प्रभावशाली राजनीतिक लोगों से हो गया। ———————– यह खबर भी पढ़ें… स्टंटबाजी में 12वीं के छात्र की मौत, लखनऊ में बुलेट-स्कूटी की भीषण टक्कर, छात्र उछलकर डिवाइडर पर गिरा लखनऊ में बाइक रेसिंग में 12वीं के छात्र की जान चली गई। जनेश्वर मिश्र पार्क के पास बुलेट और कावासाकी बाइक सवार रेस लगा रहे थे। तभी सामने स्कूटी आ गई। स्कूटी से टकराने के बाद बुलेट डिवाइडर से जा भिड़ी। बुलेट सवार 12वीं का छात्र उछलकर डिवाइडर से टकराकर उसका सिर फट गया। पढ़ें पूरी खबर…