लखनऊ में डेटिंग ऐप से मिलने बुलाकर लूटपाट:युवक को बंधक बनाकर सोने की चेन लूटी, वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल

लखनऊ की अलीगंज में डेटिंग ऐप से दोस्ती कर मिलने के बहाने बुलाकर लूट करने का मामला सामने है। आरोपी गैंग बनाकर इस तरह की घटना को अंजाम देते थे। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगी है। अलीगंज निवासी युवक ने बताया कि वह Grindr नाम के डेटिंग ऐप पर मयंक कश्यप नाम के युवक से बात कर रहा था। कुछ दिनों बाद मयंक ने उसे पुराने हनुमान मंदिर के पास स्थित एच पार्क में मिलने के लिए बुलाया। अपने साथियों को बुलाकर हमला किया 14 जनवरी को दोपहर करीब 2 बजे वह मिलने पहुंचा। वहां मयंक उसे बहला-फुसलाकर पार्क के पीछे स्थित एक मकान में ले गया। कुछ देर बातचीत के बाद अचानक दो अन्य युवक भी वहां पहुंच गए और तीनों ने मिलकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों में मयंक, आदित्य, विजय और एक अज्ञात युवक शामिल था। इस दौरान गाली-गलौज भी की गई और घटना का वीडियो भी बनाया गया। पैसे न देने पर पीटा पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने जबरन उसका मोबाइल पासवर्ड पूछकर फोन की सभी ऐप्स और कॉन्टैक्ट्स की वीडियो रिकॉर्डिंग की। उन्होंने फोन में मौजूद फोन पे ऐप खोलकर खाते की जांच की। जिसमें केवल 11 रुपए थे। इसके बाद आरोपियों ने उससे 20 हजार रुपए की मांग की। इनकार करने पर उसे जान से मारने की धमकी देते हुए फिर पीटा गया। हमलावरों ने उसकी 15 ग्राम वजन की 18 कैरेट सोने की चेन भी जबरन छीन ली। जाते समय आरोपियों ने उसके कॉन्टैक्ट्स की वीडियो बनाकर धमकी दी कि अगर घटना की जानकारी किसी को दी तो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देंगे। पीड़ित ने बताया कि घटना के करीब 20 दिन बाद उसने अपने दोस्त को यह बात बताई। हर्ष ने भी बताया कि उसी स्थान पर उसके साथ भी मयंक, विजय और आदित्य राय ने मारपीट कर 10 हजार रुपए नगद और 5 हजार रुपए पेटीएम ऐप के जरिए वसूल किए थे। इंस्पेक्टर अलीगंज का कहना है मुकदमा दर्ज करके आरोपियों की तलाश की जा रही है।