गाजियाबाद नगर निगम ने पार्कों की मरम्मत, नलकूपों के सुधार और 311 मोबाइल ऐप पर लंबित शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए हैं। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देशों पर अधिकारियों की बैठक में यह निर्णय लिया गया। मुख्य अभियंता (निर्माण) नरेंद्र कुमार चौधरी और प्रभारी (उद्यान) डॉ. अनुज ने निर्माण और उद्यान विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक की। इसमें अधिशासी अभियंता, अवर अभियंता, सुपरवाइजर और हेड माली भी उपस्थित रहे।
बैठक में शहर के लगभग 1400 पार्कों की स्थिति और उनकी देखरेख पर विस्तृत चर्चा हुई। गर्मियों के मौसम को देखते हुए पार्कों में पानी की उपलब्धता बनाए रखने पर जोर दिया गया। इसके लिए पार्कों में लगे नलकूपों और सबमर्सिबल पंपों की जांच के निर्देश दिए गए। सभी हेड माली और सुपरवाइजरों को अपने-अपने क्षेत्र के पार्कों का निरीक्षण कर खराब नलकूपों की मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा गया। अधिकारियों ने पार्कों में घास, पौधों और फूलों की देखभाल पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि शहर की सुंदरता बनी रहे। उद्यान और निर्माण विभाग मिलकर पार्कों के रखरखाव और मरम्मत के लिए एक संयुक्त कार्य योजना तैयार करेंगे।
बैठक में 311 मोबाइल ऐप के माध्यम से प्राप्त होने वाली शिकायतों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों के अनुसार, इस ऐप पर प्रतिदिन लगभग 180 शिकायतें आती हैं, जिनमें से अधिकांश निर्माण विभाग से संबंधित होती हैं। मुख्य अभियंता (निर्माण) ने इन शिकायतों का तेजी और गुणवत्ता के साथ निस्तारण करने के निर्देश दिए। प्रभारी (उद्यान) डॉ. अनुज ने बताया कि उद्यान विभाग से संबंधित शिकायतें कम आती हैं, लेकिन उनका भी तुरंत समाधान किया जाना चाहिए। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहरवासियों की समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी विभाग नगर आयुक्त के निर्देशों पर नियमित रूप से कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।