नगर निगम अयोध्या में 10 नामित पार्षद घोषित:भाजपा महानगर अध्यक्ष बोले- विकास से जुड़े विषयों पर बेहतर सुझाव मिलेंगे

नगर निगम अयोध्या में 10 नामित पार्षदों की घोषणा कर दी गई है। इस संबंध में प्रमुख सचिव पी. गुरूप्रसाद की ओर से आदेश जारी किया गया। आदेश के अनुसार नगर निगम में विभिन्न क्षेत्रों से 10 लोगों को नामित पार्षद बनाया गया है। नगर निगम अधिनियम के तहत विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधित्व और सामाजिक सहभागिता को ध्यान में रखते हुए नामित पार्षद बनाए जाते हैं। नामित पार्षदों को नगर निगम की बैठकों में भाग लेने और जनहित से जुड़े विषयों पर सुझाव देने का अधिकार होता है। इस संबंध में भाजपा महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि नामित पार्षदों के माध्यम से नगर निगम में समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित होगी। शहर के विकास से जुड़े विषयों पर बेहतर सुझाव मिलेंगे। उन्होंने कहा कि सभी नामित पार्षद नगर के विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। बताया कि घोषित नामित पार्षदों में जारी सूची के अनुसार सिविल लाइन से सुशील कुमार मिश्र, निषाद नगर रेतिया से संजय निषाद, हैबतपुर दशरथ कुंड से लक्ष्मण वर्मा, धर्मपुर सहादत से संजय कोरी, सरस्वतीपुरम से सुशील कुमार सिंह, राजघाट से रंजना सागर, दीनदयाल नगर वार्ड से आशुतोष पाण्डेय, बेगमगंज मकबरा से ज्ञान केशरवानी, बड़ी देवकाली से सुनीता गुप्ता, रामनगर रोड नाका से अनीता द्विवेदी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सभी नामित पार्षद अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को नगर निगम के समक्ष प्रभावी ढंग से रखेंगे। शहर के विकास कार्यों को गति देने में सहयोग करेंगे। घोषित नामित पार्षदों को पार्टी पदाधिकारियों ने बधाई दी है।