यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने जेवर एयरपोर्ट के पास अवैध अतिक्रमण के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया। मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। इस दौरान जेवर एयरपोर्ट के पास 350 करोड रुपए की जमीन को कब्जा मुक्त कराया गया।
अभियान का संचालन अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी राजेश कुमार के नेतृत्व में और विशेष कार्याधिकारी शैलेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में हुआ। इसमें डिप्टी कलेक्टर कृष्ण गोपाल त्रिपाठी, अभिषेक शाही, हरी प्रताप सिंह और तहसीलदार मनोज कुमार सिंह सहित राजस्व व प्राधिकरण की टीम शामिल थी। इस कार्रवाई के तहत ग्राम दयानतपुर में लगभग 70,240 वर्ग मीटर भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया। इसके अतिरिक्त, जेवर एयरपोर्ट से संबंधित महत्वपूर्ण सेक्टर और 60 मीटर चौड़ी सड़क को भी अतिक्रमण मुक्त किया गया। कब्जा की गई भूमि पर बाहरी व्यक्तियों ने अवैध रूप से खरीद-फरोख्त कर बाउंड्री वॉल बनाकर कब्जा कर लिया था। प्राधिकरण ने इन सभी अवैध ढांचों को हटाकर भूमि को वापस अपने नियंत्रण में लिया। इस बहुमूल्य भूमि का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 350 करोड़ रुपये आंका गया है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अधिसूचित क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या निर्माण स्वीकार्य नहीं होगा। भविष्य में भी इस तरह की अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई जारी रहेगी।