मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन और मेरठ जेम्स एंड ज्वेलरी फेडरेशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेई के नेतृत्व में केंद्रीय उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात की। यह मुलाकात संसद भवन सचिवालय स्थित उनके कार्यालय में हुई। प्रतिनिधिमंडल ने मेरठ ज्वेलरी पार्क के निर्माण संबंधी अपनी बात रखी। मंत्री पीयूष गोयल ने ज्वेलर्स की बातों को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने बैठक में मौजूद अपने संयुक्त सचिव से मेरठ ज्वेलरी पार्क के संबंध में अब तक हुए कार्यों की विस्तृत जानकारी ली।
संयुक्त सचिव ने बताया कि मेरठ विकास प्राधिकरण ने इस परियोजना के लिए 40,000 वर्ग मीटर भूमि आरक्षित की है। इसके लिए वर्ष 2019-20 में एक सर्वेक्षण भी किया जा चुका है। इस दौरान मेरठ ज्वेलरी पार्क के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण चर्चा हुई। बैठक के बाद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेई ने ज्वेलर्स को आश्वस्त किया कि इस संबंध में शीघ्र ही सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। इस प्रतिनिधिमंडल में चेयरमैन प्रदीप कुमार अग्रवाल, सचिव विजय आनंद अग्रवाल, कोषाध्यक्ष संदीप अग्रवाल, निदेशक ऋषभ महेश्वरी, विपिन अग्रवाल, मनोज वर्मा, अमित रस्तोगी और विपुल अग्रवाल शामिल थे।