11वीं की छात्रा अपने स्कूल बस ड्राइवर के साथ भागी:गोरखपुर में मंदिर में शादी रचाई, पकड़े जाने के डर से जहर खाया, बोले- साथ मरेंगे

गोरखपुर में 11वीं की छात्रा को अपने ही स्कूल के बस ड्राइवर से प्यार हो गया। परिजन शादी के लिए राजी नहीं हुए तो दोनों घर से भाग गए। मंदिर में शादी रचाई, लेकिन उन्हें पकड़े जाने का डर सताने लगा। इसके चलते दोनों ने जहर खाकर सुसाइड करने की कोशिश की। हाथ की नसें भी काट लीं। इतना ही नहीं, जहर खाने से पहले ड्राइवर ने एक वीडियो बनाया और रिश्तेदारों को मोबाइल पर भेज दिया। इसमें दोनों कह रहे हैं कि हम लोग साथ नहीं रह सकते, लेकिन साथ मरने से कोई नहीं रोक सकता। परिवार वाले हमें अलग करना चाहते थे। इसलिए हम यह कदम उठा रहे हैं। वीडियो देखकर रिश्तेदार ने ड्राइवर के पिता को सूचना दी। आनन-फानन में मौके पर पहुंचे। वहां दोनों अचेत पड़े थे। ड्राइवर के मुंह से झाग निकल रहा था। पुलिस भी पहुंच गई। इसके बाद दोनों को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया। छात्रा की हालत स्थिर है, जबकि ड्राइवर की हालत नाजुक बताई जा रही है। उसका ICU में इलाज चल रहा है। घटना गुलरिहा थाना क्षेत्र की है। अब पूरा मामला पढ़िए— गुलरिहा की रहने वाली 17 साल की छात्रा के पिता गुजरात की प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। छात्रा अपनी मां और भाई के साथ रहती है। वह शहर के एक नामी इंग्लिश मीडियम स्कूल में पढ़ती है। स्कूल में नाहरपुर निवासी अभिषेक शर्मा (23) उर्फ हैप्पी पिछले तीन साल से बस चलाता है। छात्रा उसी बस से घर आती-जाती थी। करीब दो साल पहले अभिषेक से उसकी बातचीत शुरू हुई। धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए। दोनों की मोबाइल पर बातचीत होने लगी। छात्रा रोज स्कूल जाते समय बस में अभिषेक की पास वाली सीट पर बैठती थी। दो साल तक दोनों के बीच बातचीत और मुलाकात का सिलसिला चलता रहा। स्कूल के अधिकतर छात्र भी इनके संबंध के बारे में जान गए थे। घरवालों के समझाने पर भी नहीं मानी छात्रा
एक साल पहले छात्रा के घरवालों को भी इसकी जानकारी मिल गई। परिवार वालों ने उसे समझाया कि उसकी उम्र अभी बहुत कम है, उसे पढ़-लिखकर कुछ बनना चाहिए। लेकिन छात्रा को यह बात पसंद नहीं आई। वह हर हाल में बस चालक के साथ रहना चाहती थी। घरवालों ने दोनों पर पाबंदी लगानी शुरू कर दी। इस बीच ड्राइवर के घरवालों ने उसकी शादी तय कर दी। शादी की तारीख मार्च 2026 रखी गई। हाल ही में उसकी सगाई भी हुई। यह सुनकर छात्रा नाराज हो गई। चालक ने छात्रा से कहा था कि यह रिश्ता उसकी मर्जी से नहीं हुआ। इसके बाद दोनों ने साथ भागने का प्लान बनाया। बस चालक के साथ भागी छात्रा
30 अक्टूबर की शाम दोनों घर से लापता हो गए। रात करीब 11 बजे दोनों फुलवरिया के एक मंदिर पहुंचे और शादी कर ली। शादी के बाद उन्हें डर था कि घरवाले जान जाएंगे तो वे दोनों को अलग कर देंगे। तब उन्होंने सुसाइड का प्लान बनाया। दोनों ने बैंगन के पौधों में डालने वाली कीटनाशक दवा खाई। इसके बाद बस चालक ने वीडियो बनाया और रिश्तेदारों को भेज दिया। इसके बाद दोनों ने हाथ की नस भी काट ली। बस चालक के पिता ने दोनों को भर्ती कराया
वीडियो देखकर एक रिश्तेदार ने बस चालक के पिता को सूचना दी। वह एक स्कूल में चपरासी हैं। वह गुरुवार रात करीब 12 बजे वह रामपुर बुजुर्ग गांव के पास पहुंचे, जहां प्रेमी-प्रेमिका अचेत अवस्था में पड़े थे। बस चालक के मुंह से झाग निकल रहा था। इसके बाद उन्होंने पुलिस बुलाई। फिर एम्बुलेंस बुलाकर दोनों को बीआरडी मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। छात्रा बोली- मरने से पहले रचाई शादी
गुलरिहा थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया- छात्रा बार बार कह रही है कि वो अभिषेक के साथ ही रहना चाहती है, लेकिन अभिषेक के परिवार ने उसकी शादी तय कर दी थी, इसलिए हमने मरने का फैसला किया। हमने शादी भी की, ताकि सात जन्म तक साथ रह सकें। शुरुआत में छात्रा के परिजन आने से हिचकिचा रहे थे, लेकिन बाद में वे भी बीआरडी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। दोनों का इलाज चल रहा है। युवक की हालत गंभीर है। अभी तक किसी भी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। छात्रा नाबालिग बताई जा रही है, जिसकी जांच की जा रही है। …………………. ये भी पढ़ें- रवि किशन-खेसारी विवाद में कूदे निरहुआ:बोले- वो यादव नहीं ‘यदमुल्ला; VIDEO में देखिए सुपरस्टार्स के बीच तकरार भोजपुरी सुपरस्टार्स के बीच जुबानी जंग अब धमकी तक पहुंच गई है। शुक्रवार को बिहार के एक युवक ने गोरखपुर सांसद रवि किशन को गोली मारने की धमकी दी। उसने RJD से चुनाव से लड़ रहे खेसारी लाल यादव का सपोर्ट किया। वहीं, इस विवाद में अब दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ भी कूद पड़े हैं। उन्होंने खेसारी को यदमुल्ला कहा। देखिए वीडियो…