सपा सांसद इकरा हसन ने आजम खान से मुलाकात की:बोलीं- परिवार के बड़े सदस्य हैं, बिहार चुनाव देश की दिशा तय करेगा

समाजवादी पार्टी की कैराना से सांसद इकरा हसन शुक्रवार देर शाम पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान से मिलने रामपुर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि आजम खान उनके परिवार के बड़े सदस्य हैं। उनके साथ पुराने पारिवारिक संबंध हैं। सांसद इकरा हसन के साथ में विधायक नाहिद हसन भी मौजूद रहे। वहीं मुलाकात के दौरान इकरा हसन ने कहा कि आने वाला बिहार विधानसभा चुनाव देश की दिशा तय करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि INDIA गठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिलेगा। इकरा हसन ने कहा, देश की जनता समझदार और जागरूक है। वह सही फैसला लेगी। बिहार में INDIA गठबंधन मजबूत स्थिति में है और जनता का समर्थन लगातार बढ़ रहा है। सांसद ने बताया कि पार्टी नेतृत्व ने उन्हें बिहार चुनाव प्रचार अभियान में शामिल किया है। उन्होंने कहा कि वे वहां जाकर गठबंधन के उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार करेंगी। इकरा हसन ने कहा कि समाजवादी पार्टी बिहार में युवाओं को रोजगार, स्थानीय विकास और तरक्की के मुद्दों पर चुनाव लड़ रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि गठबंधन की जीत से बिहार में नई दिशा और विकास की शुरुआत होगी।