मुजफ्फरनगर में पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक मुठभेड़ में 15,000 रुपए के इनामी बदमाश नसीम उर्फ काला को घायल कर दिया। यह घटना देर रात नई मंडी थाना क्षेत्र के कुकड़ी जंगल में हुई। बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। देर शाम नई मंडी इंस्पेक्टर बृजेश शर्मा की टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर कुकड़ी रोड पर जंगल की ओर भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो बदमाश ने दो फायर किए और एक खेत में छिप गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में नसीम के पैर में गोली लगी। पूछताछ में घायल बदमाश ने अपनी पहचान नसीम उर्फ काला निवासी न्याजू पूरा, नगर कोतवाली क्षेत्र के रूप में बताई। नसीम पर लूट, चोरी और गौकशी जैसे गंभीर अपराधों के लगभग दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार था और उस पर 15,000 रुपए का इनाम घोषित था। वह नई मंडी थाने से गैंगस्टर एक्ट में भी वांछित था। बदमाश की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक तमंचा, कुछ कारतूस और नगदी बरामद हुई। मुठभेड़ स्थल पर सीओ मंडी राजू कुमार साव, इंस्पेक्टर बृजेश शर्मा और एसओजी की टीम तुरंत पहुंच गई। सीओ राजू कुमार साव स्वयं पूरी कार्रवाई की निगरानी कर रहे थे। घायल बदमाश को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने इस सफल ऑपरेशन की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति जारी रहेगी। इंस्पेक्टर बृजेश शर्मा ने बताया कि नसीम ने क्षेत्र में कई वारदातों को अंजाम दिया है और उसकी गिरफ्तारी से कई पुराने मामले सुलझने की उम्मीद है।