निचलौल थाना क्षेत्र के बरोहिया ढाला चौराहा पर शनिवार सुबह खाद तस्करी का वीडियो बना रहे एक युवक पर दुकानदार ने हमला कर दिया। हमले में युवक को चोटें आईं, जिसके बाद पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पढ़िए पूरे खबर को विस्तार से जानकारी के अनुसार, हरदी गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार कसौधन (पुत्र रामसवारे कसौधन) शनिवार सुबह करीब आठ बजे बरोहिया ढाला पहुंचे थे। उन्होंने देखा कि एक दुकान के सामने दोपहिया और चारपहिया वाहनों से यूरिया व डीएपी खाद की ढुलाई हो रही थी। धर्मेंद्र ने सड़क की दूसरी ओर से इस दृश्य को कैमरे में कैद करना शुरू किया। इसी दौरान सिंह खाद भंडार के संचालक अनिल सिंह (पुत्र परशुराम) वहां पहुंचे और युवक पर हमला कर दिया। आरोप है कि अनिल सिंह ने युवक को घसीटते हुए दुकान के अंदर ले गया। दुकान के अंदर अनिल सिंह के पिता परशुराम, पत्नी राधिका और अन्य परिजनों ने लाठी-डंडों से धर्मेंद्र के साथ मारपीट की। परिजनों ने युवक को जान से मारने की धमकी देते हुए गाली-गलौज भी की। किसी तरह अपनी जान बचाकर धर्मेंद्र थाने पहुंचे और घटना की तहरीर दी। इस संबंध में थानाध्यक्ष निचलौल अखिलेश वर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर दो नामजद आरोपितों सहित तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।