गोंडा में भाजपा के पूर्व विधायक तुलसीदास राय चंदानी के दिव्यांग पौत्र छत्रपाल राय चंदानी से रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। रंगदारी न देने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई है। इस घटना से पूरा परिवार दहशत में है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। छत्रपाल राय चंदानी ने बताया कि उनका बिरौरा मोहन गांव के पास बहराइच रोड पर एक ईंट भट्ठा है।दिव्यांग होने के कारण उन्होंने भट्ठे की देखरेख की जिम्मेदारी अपने चाचा विवेकानंद राय चंदानी को सौंपी है। 28 अक्टूबर को दोपहर करीब 12 बजे जब विवेकानंद भट्ठे पर पहुंचे, तो खिरौरा मोहन निवासी दीपक उपाध्याय, उनके भाई अजीत उपाध्याय, शीलू उपाध्याय और उनके पिता नागेश्वर उपाध्याय ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने प्रतिमाह एक लाख रुपए की रंगदारी की मांग की। आरोप है कि आरोपियों ने रंगदारी न देने पर भट्ठा नहीं चलाने देने की धमकी भी दी। छत्रपाल के अनुसार, आरोपियों ने रास्ते से ट्रैक्टर-ट्रॉली न ले जाने की धमकी देते हुए सड़क काट दी और पिलर लगाकर रास्ता भी बाधित कर दिया। विवेकानंद राय चंदानी ने यूपी 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिसकर्मियों के पहुंचने के बाद भी आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देना जारी रखा। छत्रपाल राय चंदानी ने बताया कि इस घटना के बाद से उनका पूरा परिवार दहशत में है। परिजनों ने पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल से भी मुलाकात की है। देहात के संजय कुमार सिंह ने जानकारी दी कि आरोपी तीनों भाइयों और उनके पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।