फतेहपुर जिले में प्रयागराज विजिलेंस की टीम ने शुक्रवार दोपहर एक संविदा कंप्यूटर ऑपरेटर को 15,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पर एक महिला आंगनबाड़ी कार्यकत्री से रिश्वत मांगने का आरोप है। ललौली थाना क्षेत्र के ग्राम तपनी करेरा निवासी आंगनबाड़ी कार्यकत्री विभा देवी ने 27 अक्टूबर को प्रयागराज के एसपी विजिलेंस से शिकायत की थी। विभा देवी खजुआ ब्लॉक में कार्यरत हैं। उनकी शिकायत के अनुसार, उन्हें पोषण ट्रैकर ऐप पर ऑनलाइन कार्य के लिए सितंबर 2021 से 2,000 रुपये प्रतिमाह प्रोत्साहन राशि मिलनी थी, लेकिन अब तक केवल 30,000 रुपए का ही भुगतान हुआ था। शेष राशि जारी करने के लिए संविदा कंप्यूटर ऑपरेटर पुष्पेंद्र सिंह उर्फ अंकित सिंह ने उनसे 15,000 रुपए की रिश्वत की मांग की थी। सतर्कता अधिष्ठान ने शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराया, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद 31 अक्टूबर 2025 को पुलिस उपाधीक्षक संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में एक ट्रैप टीम का गठन किया गया। टीम ने शनिवार, 1 नवंबर 2025 को दोपहर लगभग 2:45 बजे खजुहा ब्लॉक स्थित बाल विकास परियोजना कार्यालय में छापा मारा। इस दौरान पुष्पेंद्र सिंह को 15,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में सतर्कता अधिष्ठान प्रयागराज सेक्टर थाने में केस नंबर 14/2025, धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।