सपा नेता के मौत के कारण का पता नहीं:सुबह बाथरूम में खून से लथपथ मिला था शव, लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारी थी

मैनपुरी के यादव नगर में समाजवादी सैनिक प्रकोष्ठ के मंडल अध्यक्ष और पूर्व सैनिक जागेश्वर सिंह यादव ने शनिवार सुबह अपने घर के बाथरूम में लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन बाथरूम की ओर दौड़े, जहां उन्होंने जागेश्वर सिंह को खून से लथपथ पाया। सूचना मिलते ही सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह पुलिस बल और फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और पिस्टल को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा गया। सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद जागेश्वर सिंह यादव समाजवादी पार्टी से जुड़े थे। वह सैनिक प्रकोष्ठ में मंडल अध्यक्ष के पद पर कार्यरत थे और विधानसभा व लोकसभा चुनावों में पार्टी संगठन को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाते थे। उन्हें पार्टी का समर्पित और सक्रिय पदाधिकारी माना जाता था। घटना की जानकारी मिलने के बाद करहल विधायक तेज प्रताप यादव सहित कई सपा नेता पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और परिवार को पार्टी के समर्थन का आश्वासन दिया। फिलहाल, आत्महत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। परिजन भी इस घटना पर कुछ भी कहने से बच रहे हैं। पुलिस और फोरेंसिक टीम मामले की गहन जांच में जुटी है। इस घटना से यादव नगर क्षेत्र और समाजवादी पार्टी संगठन में शोक की लहर है।